इधर उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में 36 साल की एक महिला ने अपने 2 बच्चों के साथ खुद को आग में झोंक दिया। हैरान कर देने वाली यह घटना आगरा जिले की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला ने केरोसिन तेल डालकर खुद को और अपने बच्चों को जला डाला। महिला और उसके बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां तीनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।
भतुआ गांव में यह रिंकी अपने पति प्रजापति और 2 बच्चों के साथ रहती थी। शनिवार (25 अप्रैल, 2020) को इस महिला का अपने पति से झगड़ा हुआ था। दरअसल रिंकी का पति उसके अपने ससुर के खेत में काम करता था। रिंकी को यह बात पसंद नहीं थी कि उसका पति उसके पिता के खेत में काम करे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच घर में काफी बहस हुई थी।
बताया जा रहा है कि जब महिला का पति घर से बाहर गया हुआ था तब उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। महिला ने अपने 4 साल के बच्चे तन्मय और 2 साल के बेटे मनम्य के ऊपर केरोसीन डाला और फिर खुद के ऊपर भी केरोसीन छिड़क लिया। इसके बाद महिला ने सभी को आग के हवाले कर दिया। महिला की चीख सुनकर पड़ोसी उसके घर तक आ गए।
बाद में घर का बंद दरवाजा तोड़ कर महिला और उसके बच्चों को सैफई स्थित अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इलाके के लोगों ने महिला के पति और पुलिस को भी इस बात की जानकारी दी। अस्पताल में तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है। महिला के पति से भी पूछताछ की गई है।
आपको बता दें कि इससे पहले यूपी के ही एटा जिले के एक घर से एक ही परिवार के 5 सदस्यों की लाश मिलने से सनसनी फैल गई थी। इस मामले में भी पड़ोसियों ने ही पुलिस को सूचना दी थी।
घर में खून के छीटें चारों तरफ बिखरे पड़े मिले थे। पुलिस इस मामले में अभी तक इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है कि यह आत्महत्या थी या हत्या? मामले की जांच जारी है।
