उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां पुलिस ने एक मां-बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन लोगों ने एक ही परिवार के 5 लोगों को एक साथ जहर दे दिया। मामला बहादुरपुर गांव का है। दरअसल बीते रविवार को यहां आशा, उनकी बेटी एंजल और अनन्या की मौत हो गई थी। इन तीनों की मौत जहर खाने से हुई थी। इन तीनों के अलावा आशा के पति और उनके एक बेटे ने भी जहर खाया था लेकिन किस्मत से वो दोनों बच गए।
मृतक महिला के पति रामेश्वर त्यागी ने इस मामले में अपनी भाभी गीता, भतीजे विक्रांत और भतीजी प्रियंका पर नामजद एफआईआऱ कराया था। रामेश्वर त्यागी ने पुलिस को बताया था कि उनके रिश्तेदार काफी दिनों से उनकी हत्या करना चाहते थे। हालांकि पुलिस के पास नामजद लोगों को गिरफ्तार करने या फिर उनपर सख्त कार्रवाई करने के लिए ठोस सबूत नहीं थे।
पुलिस ने सबसे पहले गीता और बेटी प्रियंका से कड़ाई से पूछताछ शुरू की। शुरू में तो इन दोनों ने पुलिस को बरगलाने की कोशिश की लेकिन जल्दी ही इन्होंने पुलिस के सामने बड़ा खुलासा किया। पूछताछ में पता चला कि गीता अपने बेटे विक्रांत को अक्सर ‘क्राइम सीरियल’ दिखाती थी। गीता ने विक्रांत को ऐसे सीरियल देखकर हत्या करने की योजना बनाने के लिए कहा। इस काम में प्रियंका ने भी अपनी मां का साथ दिया।
टीवी पर ‘क्राइम सीरियल’ देखने के बाद विक्रांत ने अपनी मां औऱ बहन को जहर देकर हत्या करने की योजना के बारे में बताया। इसके बाद रविवार की रात गीता ने बच्चों के साथ मिलकर अपनी देवरानी के पूरे परिवार को दूध में जहर मिलाकर दे दिया। गीता के देवर रामेश्वर त्यागी मौत के इस खेल में जिंदा बच गए और यह पूरा मामला खुल गया।
अब पुलिस ने इस मामले में गीता, विक्रांत औऱ प्रियंका तीनों को ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अलग-अलग एंगल से की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

