Coronavirus, India Lockdown: गुजरात में 50 साल के एक प्रवासी मजदूर पर 57 साल की महिला से दुष्कर्म का आरोप लगा है। आऱोप है कि इस युवक ने महिला के चेहरे औऱ गर्दन को पहले चाकू से गोदा और फिर उनके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वडोदरा की इस घटना में पीड़ित महिला की अब मौत हो चुकी है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि छुटकू यादव नाम का यह आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। गुरुवार (14 मई, 2020) को पुलिस ने छुटकू को महिला के साथ रेप और उनकी हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि छुटकू, वोडदरा-मुंबई एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट में बतौर मजदूर पिछले कुछ महीनों से काम कर रहा था। घटना के वक्त महिला खेत में अकेली थी और छुटकू ने मौके का फायदा उठाकर उन्हें दबोच लिया।
‘Times Of India’ की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि यह घटना उस वक्त हुई जब यह महिला अपने खेत में काम करने गई हुई थीं। दोपहर तक जब महिला अपने घर हीं पहुंची तब परिवार के सदस्यों ने महिला की खोजबीन शुरू कर दी। बुरी तरह घायल अवस्था में महिला को उनकी बेटी ने ढूंढ निकाला।
हालांकि इससे पहले की महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जाता उनकी मौत हो गई थी। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने इसकी गहरी तफ्तीश शुरू कर दी। क्राइम ब्रांच की टीम इस मामले की जांच कर रही थी। मौका-ए-वारदात पर छानबीन के दौरान पुलिस को एक मोबाइल फोन और चाकू मिला। मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने छुटकू यादव तक पहुंच गई।
पुलिस ने बताया कि शुरुआत में छुटकू यादव ने क्राइम ब्रांच की टीम को बरगलाने की कोशिश की और अपने ही दूसरे अन्य साथी मजदूरों पर इस जघन्य अपराध का आरोप मढ़ दिया। लेकिन पुलिस ने सख्ती से पूछताछ कि तो छुटकू ने सारा सच उगल दिया।
पुलिस के मुताबिक घटना के वक्त महिला ने जब शोर मचाया तो इस शख्स ने चाकू से उनके गर्दन औऱ चेहरे पर वार कर दिये। इसके बाद इस शख्स ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और फिर वहां से फरार हो गया। लेकिन जाते वक्त उसका मोबाइल और चाकू वहीं रह गया जिसकी बिना पर वो पकड़ा गया। बहरहाल अब इस मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

