India Lockdown, Murder in Lucknow:
देश में जारी लॉकडाउन के बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि जघन्य हत्याकांड को गुरुवार (30 अप्रैल, 2020) को अंजाम दिया गया है। हत्या का आऱोप 26 साल के अजय सिंह पर लगा है। हत्या के बाद अजय सिंह खुद ही पुलिस स्टेशन पहुंच गया और उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।
मरने वालों में 60 साल के अमर, उनकी पत्नी रामसाक्षी, 40 साल का इनका बेटा अरुण और इनकी पत्नी रामदुलारी शामिल हैं। हत्यारे ने 7 साल के सौरभ और 2 साल की सारिका को भी मौत के घाट के उतार दिया। इस हत्याकांड को गुडौली गांव के बंथरा इलाके में अंजाम दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक अजय सिंह का इस परिवार के सदस्यों के साथ संपत्ति विवाद चल रहा था। गुरुवार को परिवार के सदस्यों के साथ उसकी तीखी नोंकझोंक हो गई। जिसके बाद तिलमिलाया अजय सिंह तेजधार वाला हथियार लेकर इनके घर पहुंचा और उसने इस हथियार से परिवार के सदस्यों यहां तक की बच्चों को भी बेरमही से मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद अजय सिंह ने खुद ही थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि इस वक्त देश में कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलने के खतरे को रोकने के लिए लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन के दौरान किसी को भी बेवजह घऱ से निकलने की इजाजत नहीं है।
पुलिस-प्रशासन पर लोगों से लॉकडाउन का पालन कराने की जिम्मेदारी है। हालांकि लॉकडाउन के बावजूद देश के अलग-अलग राज्यों से अपराध जगत से जुड़ी खबरें भी सामने आ रही हैं।
हाल ही में रामपुर में पुलिस की टीम पर हमला किया गया था। इस हमले में महिलाएं और पुरुष शामिल थीं। पुलिस टीम पर हमला कर लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 2 मोटरसाइकिल सवार युवकों को छुड़ा लिया गया था।

