India Lockdown, Policeman Raped Woman: लॉकडाउन से परेशान महिला को राशन का लालच देकर उनके साथ रेप करने की भयानक घटना उजागर हुई है। गंभीर बात यह भी है कि इस मामले में आरोपी कोई दूसरा नहीं बल्कि एक पुलिस वाला है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी पुलिसवाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बारे में मिली विस्तृत जानकारी के मुताबिक महिला पेशे से मजदूर हैं और लॉकडाउन की वजह से फिलहाल बेरोजगार थीं। बताया जा रहा है कि यह घटना बिलासपुर की है। ‘न्यूज 18’ की रिपोर्ट के मुताबिक जिले के एक थाने में तैनात पुलिसकर्मी महिला के घर पहुंचा था। उसने महिला से कहा कि वो उसे राशन दिलाएगा। इसके बाद वो महिला को अपने साथ एक गाड़ी में लेकर गया। इस गाड़ी में ड्राइवर पहले से मौजूद था।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया है कि बीते शुक्रवार (15-05-2020) को पुलिस वाला उन्हें राशन दिलाने की बात कह कर एक क्वार्टर में ले गया और यहां उनके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया गया। महिला का यह भी आरोप है कि रेप के बाद पुलिस वाला उन्हें वापस उनके घर पर छोड़ कर चला गया।
महिला द्वारा थाने में एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। आनन-फानन में आरोपी पुलिसकर्मी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। यहां के डीएसपी मुख्यालय (बिलासपुर), संजय शर्मा ने इस मामले की पुष्टि की है और बताया है कि आरोपी पुलिसकर्मी अजय कुमार को गिरफ्तार कर उससे गहन पूछताछ की गई है। पुलिस का यह भी कहना है कि मामले में अभी आगे की कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि कोरोना संक्रमण के चेन को तोड़ने के लिए देश भर में अभी लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन के दौरान मजदूरों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
रोजगार ना होने की वजह से दैनिक मजदूरों के सामने रोजी-रोटी की सबसे बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। हालांकि सरकार लगातार यह कह रही है कि मजदूरों के लिए इंतजाम किये जा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने हाल ही में देश की रुकी अर्थव्यवस्था में जान फूंकने के लिए 20 लाख करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है। सरकार का दावा है कि इस पैकेज के तहत गरीब, मजदूर, किसान, समेत सभी उद्योग-धंधों को बड़ी राहत पहुंचेगी।