दिल्ली के विवेक विहार से दिल को दुखाने वाली घटना सामने आई है। यहां आईआईटी दिल्ली के छात्र ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने वेटलिफ्टिंग रॉड से लटककर अपनी जान दे दी। वह 23 साल का था। वह बीटेक के चौथे साल में था। उसका नाम पनव जैन है। घटना के समय पवन के माता-पिता सैर पर गए थे। जब वे घर लौटे तो देखा कि बेटे का शव लटक रहा था।

वे फौरन बेटे को अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से वे सदमे में है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना से आस-पास के लोग हैरान है। वहीं माता-पिता सदमे में हैं।

सैर से लौटे माता-पिता तो फंदे पर झूल रहा था बेटा

इस मामले में पुलिस ने कहा कि आईआईटी-दिल्ली के 23 साल के एक छात्र ने विवेक विहार इलाके में अपने घर पर वजन उठाने वाली रॉड से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने आगे बताया कि बीटेक फोर्थ ईयर के स्टूडेंट पनव जैन का शव उसके माता-पिता को शाम की सैर से लौटने पर मंगलवार रात करीब नौ बजे मिला। बेटे को फांसी पर झूलता देख उनके होश उड़ गए। वे फौरन उसे अस्तपताल लेकर गए मगर तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वे हमेशा की तरह सैर पर गए थे। बेटा घर में था। उन्हें नहीं पता था कि वह ऐसा दर्दनाक कदम उठा लेगा।

पुलिस ने बताया कि पनव ने अपने घर में वजन उठाने वाली रॉड पर दुपट्टे से फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि पीड़ित के माता-पिता उसे पुष्पांजलि अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता ने बताया क्यों किया सुसाइड

पवन के पिता ने बताया कि उनका बेटा पिछले कुछ महीनों से तनाव और अवसाद से पीड़ित था। उसका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने कहा कि घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आगे की जांच जारी है।