लंदन में 27 साल की भारतीय महिला की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। महिला की पहचान कोंथम तेजस्विनी के रूप में हुई है, उसकी उम्र करीब 27 साल है। वह हैदराबाद की रहने वाली है। घटना वेम्बली में नील क्रिसेंट में हुई। आरोपी भी उसी फ्लैट में रह रहा था। फिलहाल पुलिस हत्या के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
आरोपी ने एक और 28 साल की महिला को भी चाकू मारा। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। वह खतरे से बाहर है। इस मामले में लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस का कहना कि यह घटना 13 जून को हुई थी।
पुलिस के अनुसार, लंदन एंबुलेंस सेवा को सुबह 9.59 बजे फोन आया था कि दो महिलाओं को चाकू मारा गया है। वे खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई हैं। घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने पाया कि तेजस्विनी की मौके पर ही मौत हो गई थी। दूसरी महिला को उत्तरी लंदन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना के बाद तुंरत बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने एक अन्य आरोपी की तस्वीर जारी करते हुए कहा कि वह इस मामले में वांछित है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा पूछताछ के लिए एक पुरुष और महिला को पुलिस स्टेशन बुलाया गया है। पुलिस को शक है कि ब्राजील के एक शख्स ने इस वारदात को अंजाम दिया है। वह फ्लैट के एक कमरे में रह रहा था। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
पीड़िता के फ्लैट में रहता था आरोपी
हैदराबाद में तेजस्विनी के एक रिश्तेदार ने का कहना है कि उसका चचेरा भाई अपार्टमेंट में गया था क्योंकि तेजस्वनी का घर उसके ऑफिस के पास ही है। जिस ब्राजीलियाई व्यक्ति पर दोनों के हमले का शक है वह उसी फ्लैट के एक कमरे में रह रहा था। फ्लैट में कॉमन किचन की सुविधा थी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।