यूपी के बदायूं से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। यहां जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के गांव भुडेली में बुधवार को एक महिला ने मायके जाने की जिद की तो पति ने उसे कुल्हाड़ी से काट दिया। शख्स ने अपनी आठ महीने की बेटी को भी छोड़ा और उसकी भी हत्या कर दी। घटना के वक्त महिला अपनी बेटी के साथ सो रही थी। घटना की जानकारी पुलिस ने दी। गांव में खबर फैलते ही सनसनी फैल गई। गांव के लोग दहशत में आ गए। फिलहाल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

दोनों ने लव मैरिज की थी

इस मामले में दातागंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी अजय यादव उर्फ अखिलेश यादव ने दो साल पहले दिल्ली में बिहार की रहने वाली खुशबू नामक लड़की से प्रेम विवाह किया था लेकिन खुशबू उस समय नाबालिग थी। बालिग होने के बाद खुशबू उसके साथ गांव आ गई और दोनों साथ रहने लगे। अजय और खुशी की आठ महीने की बेटी सृष्टि भी थी। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार खुशबू मायके जाना चाहती थी और इसी को लेकर दंपति के बीच विवाद चल रहा था।

घटना के वक्त बच्ची के साथ सो रही थी महिला

मंगलवार रात भी खुशबू ने मायके जाने की जिद की। इसी बात को लेकर दोनों के बीच काफी बहस हुई। जिसके बाद अजय उर्फ़ अखिलेश खेत पर चला गया। सिंह के मुताबिक, बुधवार सुबह लगभग छह बजे अखिलेश घर लौटा और चारपाई पर सो रही पत्नी खुशबू (19) और आठ माह की बच्ची सृष्टि की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी पर पुलिस तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

हिरासत में लिया गया आरोपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि दातागंज थाना क्षेत्र के ग्राम भुडेली में अखिलेश उर्फ अजय यादव ने पत्नी और आठ की बच्ची की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। इस मामले में परिजनों के प्रार्थना पत्र के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।