बिहार के पटना से एक दर्दनाक खबर सामने आई हैं। यहां मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के बड़ाजगरनाथ में एक जवान ने पत्नी और दो महीने के बच्चे को कथित तौर पर जलाकर मार डाला। घटना के बारे में जानकर आस-पास के लोगों में दहशत फैल गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पति पर आरोप है कि उसका किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध हैं। वह पत्नी को अपने रास्ते से हटाना चाहता था। इसके बाद ही उसने पत्नी को जलाकर मारने की योजना बनाई। हैवान पिता को अपने दो महीन के बेटे पर भी दया नहीं आई। उसने उसे भी जलाकर मार डाला। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों को हैरानी हो रही है कि कोई शख्स ऐसा कैसे कर सकता है?
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तैनात है जवान
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी हिमांशु कुमार का कथित तौर पर एक महिला के साथ एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर था। पुलिस के अनुसार, हिमांशु वर्तमान में राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तैनात है। वह 4 जुलाई को छुट्टियों पर घर आया था। हिमांशु की पत्नी सोनल प्रिया (35) के परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने पत्नी और दो महीने के बच्चे को जलाकर मार डाला।
परिजनों का आरोप दूसरी महिला से था संबंध
इस मामले में मुजफ्फरपुर के एसएसपी राकेश कुमार ने कहा कि महिला और उसके बेटे को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने आगे कहा कि शव-परीक्षण के बाद पीड़ितों के शव उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिए गए। एसएसपी ने बताया कि महिला और उसके बेटे की मौत जलने से हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। महिला के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि हिमांशु का एक महिला के साथ अवैध संबंध था और वह उनसे दहेज की भी मांग रहा था।
2013 में हुई थी शादी
असल में सोनल और हिमांशु की शादी 2013 में हुई थी। उनकी एक आठ साल की बेटी और एक बेटा है। पुलिस अधिकारी ने यह भी कहा कि जवान पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करता था। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।