ग्रेटर नोएडा में एक महिला ने आरोप लगाया है कि लॉकडाउन के दौरान उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि ससुर की इस घिनौनी हरकत को जानने के बावजूद भी उसके पिता खामोश रहे। ‘The Times Of India’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक महिला की शादी पिछले साल हुई थी। वो ग्रेटर नोएडा के एक नामचीन सोसायटी में अपने पति और ससुर को साथ रहती थी।

महिला का आरोप है कि कोरोना वायरस के संक्रमण के चेन को तोड़ने के लिए जब देश में लॉकडाउन लगाया गया था तब उसके ससुर ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। महिला के मुताबिक जून के महीने में महिला के साथ उसके ससुर ने फिर से बलात्कार करने की कोशिश की।

महिला का कहना है कि ससुर के यौन हमले के बाद उसने उसी समय अपने पति को इस बात की जानकारी दी थी। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उसकी सहायता नहीं की और वो खामोश रहे।

पुलिस के मुताबिक महिला का यह भी आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने उसे पीटा था जिसके बाद वो उनका घर छोड़ कर अपने मायके चली गई। इस मामले में महिला की शिकायत पर पुलिस ने धारा 498 (A), 323, 506, 342, 354 और 376 के तहत केस दर्ज कराया है।

इस मामले में डीसीपी वृंदा शुक्ला (महिला सुरक्षा) ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि शुरुआती जांच में यह पता चला है कि महिला युवक की दूसरी पत्नी थी। इस मामले में हर एंगल से जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर कानूनपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।

आपको बता दें कि हाल ही में राजस्थान के सिरोही जिले से एक खबर आई थी। यहां एक तांत्रिक द्वारा इलाज के नाम पर महिला से रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात के बाद भी पीड़िता के सास-ससुर ने मामले को रफा दफा करने की नीयत से बहू को बंधक बना लिया। बाद में जिला प्रशासन के दखल से उसे मुक्त करवाया गया। इस मामले में पुलिस ने कानून के मुताबिक कार्रवाई करने की बात कही है।