राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के मुख्य आरोपी शूटर रोहित रोहित सिंह राठौड़ के खिलाफ बड़ा एक्शन हुआ है। जयपुर नगर निगम ने रोहित के घर पर बुलडोजर चलाया है। नगर निगम ने खातीपुरा इलाके की सुंदरवन कॉलोनी में रोहित की अवैध संपत्ति पर बुल्डोजर एक्शन लेकर उसे जमींदोज कर दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस ने अनुसार इस मौके पर भारी पुलिस बल वहां मौजूद रहा।

दो शूटरों ने गोली मारकर की थी हत्या

दरअसल, 5 दिसंबर को जयपुर के श्याम नगर इलाके में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दो हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध) दिनेश एमएन ने बताया कि शूटर की पहचान रोहित सिंह राठौड़ निवासी जूसरी गांव थाना मकराना हाल जसवंत नगर जयपुर और नितिन फौजी निवासी थाना सदर महेंद्रगढ़ हरियाणा के रूप में की गई।

10 दिसंबर को हुआ था गिरफ्तार

उन्होंने आगे बताया कि इन दोनों आरोपियों को एसआईटी ने दिल्ली पुलिस की मदद से 10 दिसंबर को चंडीगढ़ से पकड़ा था। दिनेश ने बताया कि राठौड़ द्वारा खातीपुरा इलाके में अवैध कब्जा की सूचना मिलने पर इस बारे में संबंधित नगर निगम को अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस दल की मौजूदगी में गुरुवार को ग्रेटर नगर निगम द्वारा खातीपुरा के सुंदर नगर में राठौड द्वारा किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। फिलहाल आगे कार्रवाई जारी है।

100 फीट के अतिरिक्त निर्माण पर चला बुलडोजर

रिपोर्ट के अनुसार, प्रशासन ने रोहित के 100 फीट के अतिरिक्त निर्माण पर बुलडोजर चलाया। नगर निगम जब तोड़फोड़ कर रहा था तो रोहित के घरवालों ने काफी विरोध किया। परिवार वालों को कहना था कि प्रशासन ने एक्शन लेने से पहले कोई नोटिस नहीं दी। रोहित की मां ने आरोप लगाया कि अचानक एक्शन होने से उनके घर के छोटे बच्चे बहुत डर गर हैं। वहीं बुलडोजर एक्शन का विरोध कर रही रोहित की बहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दरअसल, 5 दिसंबर को गोगामेड़ी से के दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। दो लोग बातचीत के बहाने उनके घर के अंदर आए और फिर उन्हें गोलियों से भून दिया।