मध्य प्रदेश के रीवा से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) से एक दिन पहले दो लोगों के बीच हुई लड़ाई की वजह से एक बकरा हलाल होने से बच गया। इस केस को सुलझाने में पुलिस के भी पसीने छूट गए।

असल में दो शख्स ने दावा किया था कि यह बकरा उनका है। इसी कारण दोनों में विवाद हो गया। दोनों में से कोई भी हार मानने को तैयार नहीं था। इसके बाद दोनों सिविल लाइंस थाने पहुंचे। वहां भी बात नहीं बनी और बकरे को एक रात थाने में ही बिताना पड़ा। इस तरह बकरे की जान बच गई। फिलहाल पुलिस का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है कि कौन सही बोल रहा है और कौन झूठ?

इस मामले में सिविल लाइन्स पुलिस स्टेशन प्रभारी हरेंद्र नाथ शर्मा ने टीओआई को बताया कि संजय खान और शारुख खान ईद उल अजहा से एक दिन पहले 28 जून को एक बकरे के साथ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। दोनों ने बकरी के मालिक होने का दावा किया था।

संजय खान ने कहा कि यह उसका बकरा है और उसने इसे पाला है। संजय ने आगे कहा कि करीब 6 महीने पहले यह बकरा कहीं गायब हो गया। वहीं शाहरुख खान ने दावा किया कि यह बकरा उसका है और उसने हाल ही में इसे 15,000 रुपये में खरीदा है। दोनों बकरे के मालिकों होने के दावे कर रहे थे। इसलिए हमने दोनों से सबूत लाने को कहा।

संजय और शाहरुख खान बकरे की फोटो लेकर थाने पहुंचे

इसके बाद बकरे को पुलिस स्टेशन में ही रखा गया। बकरे का मालिक होने का दावा करने वाले संजय और शाहरुख सबूत लाने के लिए अपने-अपने घर चले गए। अगले दिन दोनों बकरे की तस्वीरें लेकर आए। दोनों तस्वीरें एक जैसी लग रही थीं और एक ही बकरे की थीं। इसके बाद मामला और बढ़ गया। पुलिस ने आगे कहा कि बकरे को पुलिस स्टेशन में रखना हमारे लिए मुश्किल था इसलिए हमने मामला सुलझने तक उसे किसी तीसरे व्यक्ति के पास रखने का फैसला किया।

जिस क्षेत्र में संजय और शाहरुख खान रहते हैं उस क्षेत्र के पार्षद को भी बुलाया गया। इसके बाद इस बात पर दोनों राजी हुए कि विवाद सुलझने तक बकरे को संजय खान के पास ही रखा जाएगा। अब बकरा किसका है इसके लिए जांच की जा रही है। इस मामले में दोनों व्यक्तियों को निर्देश दिया गया है कि मामला सुलझने तक बकरे को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। उसे मारा नहीं जाना चाहिए। दोनों इस बात पर सहमत हो गए। उन्होंने अपनी सहमति को लिखित रूप में थाने में जमा किया है। फिलहाल बकरा संजय खान के पास है। शुक्रवार को उसने बकरे की तस्वीरें भेजीं, वह ठीक है। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।