यूपी के नोएडा से दिल दुखाने वाली एक खबर सामने आई है। यहां एक छात्रा ने सुसाइड कर अपनी जान दे दी। घटना दादरी थाना बादलपुर क्षेत्र के महावड़ गांव के पास बनी कॉलोनी की है। रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा की मां ने उसे पढ़ाई करने के लिए डांटा था। इस बात को वह बर्दाश्त नहीं कर पाई और सुसाइड कर लिया। घटना से परिजन सदमे में है। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि छात्रा मानसिक तनाव में थी। इसी कारण वह मां की डांट से नाराज हो गई और अपनी जान दे दी।
मां ने पढ़ाई करने को कहा था
रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा ग्रेजुएशन कर रही थी। वह 18 साल की थी। घटना की रात मां ने उसे पढ़ाई करने को कहा। इसके बाद वह चुपचाप कमरे में चली गई। रात के समय वह अपनी मां औऱ बहन के साथ सोई थी। हालांकि अगली सुबह वह मां और बहने के साथ कमरे में नहीं थी। वह दूसरे कमरे में चली गई थी। आवाज लगाने पर जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो माता-पिता को चिंता होने लगी। उन्होंने दरवाजा खटखटाया मगर अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन्होंने खिड़की से झांककर देखा। सामने का मंजर देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि उनकी बेटी फांसी के फंदे पर झूल रही थी। मां अपनी बेटी को इस हाल में देखकर खुद को कोसने लगी। उन्होंने तो उसे सिर्फ उसे पढ़ने के लिए कहा था उन्हें कहां पता था कि वह ऐसा कदम उठा लेगी।
पंखे से लटका मिला शव
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में थाना बादलपुर के प्रभारी निरीक्षक अमरेश कुमार ने बताया कि महावड़ गांव के पीछे बनी कॉलोनी में रहने वाले सिद्धी यादव की 18 साल की बेटी कुमारी पूजा ने अपने घर पर पंखे से फंदा लगा लिया। वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही थी।
उन्होंने आगे बताया कि मृतका के पिता के अनुसार बीती रात को उनकी बेटी अपनी मां और बहनों के साथ एक कमरे में सोई थी। हालांकि अगली सुबह उसका शव दूसरे कमरे में पंखे के फंदे से लटका हुआ मिला। कुमार ने बताया कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है।