भाजपा के पूर्व सांसद स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एफआईआऱ दर्ज किया गया है। दरअसल वकालत की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने कुछ दिनों पहले फेसबुक पर वीडियो जारी कर प्रभावशाली संत से राजनेता बने एक शख्स पर उसकी तथा कई और लड़कियों की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया था। लेकिन अब यह लड़की रहस्यमय ढंग से लापता हो गई है। इस लड़की के पिता की तरफ से एफआईआर दर्ज कराई गई है।
हालांकि अपने फेसबुक वीडियो में लड़की ने किसी भी व्यक्ति का नाम लेकर उनपर आरोप नहीं लगाया था लेकिन लड़की के पिता का दावा है कि उनकी बेटी स्वामी चिन्मयानंद के बारे में ही बात कर रही थी। जिसके बाद बीते मंगलवार (27 अगस्त, 2019) को स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ केस दर्ज किया गया। इस लड़की ने अपने फेसबुक वीडियो में अपनी जान को लेकर खतरा भी जताया था।
पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराते हुए लड़की के पिता ने अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म किये जाने की बात भी कही है। बता दें कि भाजपा के पूर्व सांसद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 364 (हत्या के इरादे से अपहरण करने), और 506 (आपराधिक षड्यंत्र रचने) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बरेली जोन के एडीजी अविनाश चंद्रा ने बताया है कि स्वामी चिन्मयानंद के खिलाफ जो एफआईआर दर्ज कराया गया है उसमें यौन उत्पीड़न की बात नहीं कही गई है। इसलिए उसके पिता की तरफ से लगाए गए आरोपों की जांच अभी बाकी है। उन्होंने लड़की की तरफ से जारी किये गये फेसबुक वीडियो पर भी संदेह जताया है। एडीजी के मुताबिक दिल्ली में लगे एक सीसीटीवी के फुटेज में लड़की एक युवक के साथ होटल के अंदर जाती नजर आई है।
इधर इससे पहले बीते रविवार (25 अगस्त, 2019) को चिन्मयानंद के वकील ओम प्रकाश सिंह की तरफ से भी एक शिकायत दर्ज कराई गई है। उनका आरोप है कि व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए चिन्मयानंद से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। एडीजी के मुताबिक जो मोबाइल नंबर वकील ओम प्रकाश की तरफ से पुलिस को उपलब्ध कराया गया है वो नंबर उसी लड़के का है जो लड़का सीसीटीवी फुटेज में लड़की के साथ नजर आया था।
बता दें कि लॉ पढ़ रही जिस लड़की ने स्वामी पर आरोप लगाया है वो शाहजहांपुर स्थित कॉलेज में पढ़ती है और इस कॉलेज के अध्यक्ष चिन्मयानंद ही हैं। लड़की के पिता ने ‘Indian Express’ से बातचीत करते हुए कहा कि शनिवार को उनकी बेटी ने यह वीडियो फेसबुक पर अपलोड किया था। एक दिन बाद उनके रिश्तेदारों ने उन्हें इस वीडियो के बारे में बताया था।
जानकारी मिलने के बाद लड़की की मां उसे ढूंढने के लिए उसके हॉस्टल गई थी लेकिन वो वहां नहीं मिली और उसका दोनों मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ हैं। इस पूरे मामले पर पुलिस का कहना है कि वो बिना किसी दबाव और पक्षपात के मामले की छानबीन कर रहे हैं। पुलिस के मुताबिक लड़की को भी जल्दी ही बरामद कर लिया जाएगा। (और…CRIME NEWS)