गाजियाबाद धर्मांतरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लग गई है। इस केस का मास्टरमाइंड शाहनबाज महाराष्ट्र के रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। गाजियाबाद पुलिस की एक टीम लंबे समय से महाराष्ट्र में इसकी तलाश में लगी थी, केस के सारे तार इससे जुड़ चुके थे, सबूत भी मौजूद थे। ऐसे में रविवार को शाहनबाज को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब आगे की पूछताछ की जाएगी।

कैसे पकड़ा गया शाहनबाज?

बताया जा रहा है कि मुंबई की लोकल पुलिस ने भी इस केस में बड़ी मदद की है, उनकी मदद से ही गाजियाबाद पुलिस शाहनबाज को पकड़ पाई। एक जारी बयान में कहा गया है कि जब यूपी पुलिस महाराष्ट्र आई, उनकी तरफ से मुंबरा पुलिस की मदद ली गई। लेकिन जब आरोपी के घर पहुंचा गया, तो ताला लगा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने खान के फोन ट्रेस किए, उसके रिश्तेदारों की लोकेशन को भी ट्रैक किया गया। उस ट्रैकिंग से पता चला कि आरोपी वर्ली में छिपा हुआ है, लेकिन जब तक पुलिस पहुंची, वो वहां से भी भाग गया। लेकिन फिर एक लॉज से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गाजियाबाद वाले केस की बात करें कविनगर पुलिस स्टेशन में पिछले महीने एक शिकायत दर्ज करवाई गई थी। आरोप लगाया गया था कि मौलवी अब्दुल रहमान और बद्दो उर्फ शाहनबाज ने उसके 12वीं में पढ़ रहे बच्चे का धर्म परिवर्तन करवा दिया था। ऑनलाइन गेम के जरिए ये धर्म परिवर्तन करवाया गया था। आरोप ये लगा कि गेम में जीतने के लिए कई मौकों पर बच्चे को आयतें पढ़ने के लिए कहा जाता था, ऐसा कर उसे अगले पड़ाव पर भेज दिया जाता था।

कैसे करता था बच्चों का धर्म परिवर्तन?

शिकायत में बताया गया था वो गेम खेलते वक्त ही बच्चा शाहनबाज के संपर्क में आया था और Discord पर उससे बात करने लगा था। उस बातचीत से इस्लाम के प्रति उसका झुकाव बढ़ गया था और अंत में उसने धर्म परिवर्तन भी कर लिया। उसके पिता के मुताबिक बच्चा घर ये बोलकर निकल जाता था कि जिम जा रहा है, लेकिन बाद में पता चला कि वो पास की मस्जिद में नमाज अदा करने जा रहा था।

अभी के लिए पुलिस पूछताछ में आरोपी शाहनबाज ने इस बात को कुबूल कर लिया है कि उसने बच्चे का धर्म परिवर्तन करवाया। उसने बताया कि शुरुआत में वो Fortnite पर गेम खेलते थे, इसके बाद Valorant पर खेलने लगे। हिंदू नाम रखकर गेम खेला जाता था, फिर बच्चों को इस्लाम के फायदे गिनवाए जाते, जाकिर नाइक के वीडियो तक दिखाए गए।