दिल्ली के तिलक नगर में 20 अक्टूबर को एक विदेशी महिला का शव बरामद किया गया था। तिलक नगर इलाके में नगर निगम द्वारा संचालित एक स्कूल (MCD SCHOOL) के पास से महिला का शव बरामद किया गया था। महिला के हाथ और पैर बंधे हुए थे और उसके पास से बदबू आ रही थी। पुलिस ने अब इस मामले का खुलासा किया है।

पुलिस ने मामले में गुरप्रीत सिंह नाम के युवक को गिरफ्तार किया है, जो दिल्ली के जनकपुरी का रहने वाला है। गुरप्रीत ने पुलिस से पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा किया। गुरप्रीत ने पुलिस को बताया कि महिला से उसकी दोस्ती कुछ साल पहले एक डेटिंग एप के जरिए हुई थी। इसके बाद उससे लगातार बातें होने लगी और वह महिला से मिलने स्विट्जरलैंड भी गया था।

गुरप्रीत महिला के पास स्विट्जरलैंड में 4 महीने तक था। इसी दौरान उसे शक हो गया कि महिला के अन्य लोगों से भी संबंध है और वह इसी बात से नाराज चल रहा था। गुरप्रीत ने महिला को मिलने के लिए भारत बुलाया और वह 11 अक्टूबर को दिल्ली आ गई। इसके बाद महिला पश्चिमी दिल्ली के एक होटल में रुकी हुई थी और इसके बाद ही उसने महिला को होटल के बाहर मिलने के लिए बुलाया और उसे विष्णु गार्डन की ओर ले गया।

गुरप्रीत ने महिला से कहा था कि वह उसे सरप्राइज देना चाहता है। इसके बाद गार्डन में ही महिला की उसने गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस को गुरप्रीत ने बताया कि उसने महिला के हाथ पैर जंजीरों से बांध दिए थे और उसके बाद उसके शव को कार में रख दिया था। वह लगातार शव को कार में लिए उसे ठिकाने लगाने के मौके की तलाश में घूमता रहा, लेकिन हर जगह उसे सीसीटीवी कैमरा मिलता था।

इसीलिए एक दिन उसने लाश को कार में ही रखा रहने दिया। जब कार से काफी दुर्गंध आने लगी तो उसने हत्या के 2 दिन बाद शव को एमसीडी स्कूल के पास फेंक दिया। जब पुलिस ने महिला का शव बरामद किया, उसके बाद उसकी पहचान करने वाला कोई नहीं मिला। आरोपी गुरप्रीत के परिवार के सदस्यों से भी पुलिस ने पूछताछ की है और मामले की जांच कर रही है। वहीं पुलिस का कहना है कि गुरप्रीत लगातार अपने बयान बदल रहा है और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने गुरप्रीत के घर से 2 करोड़ 10 लाख रुपये कैश भी बरामद किये हैं।