बिहार के पटना से शर्मसार करने वाली एक खबर सामने आई है। यहां बक्सर जिले में एक पिता तांत्रिक के कहने पर दो नाबालिग बेटियों का सालों तक बलात्कार करता रहा। मामले में मंगलवार को बक्सर जिले की एक स्थानीय POCSO अदालत ने आरोपी पिता बिनोद कुमार सिंह और तांत्रिक अजय कुमार को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही बलात्कार पीड़िता की मां और चाची को 20 साल की कैद की सजा सुनाई। पीड़िता की मां और चाची ने आरोपियों को बलात्कार के लिए उकसाया था।
रिपोर्ट के अनुसार, नाबालिग बहनों का पिछले एक दशक से यौन उत्पीड़न किया जा रहा था। मामला की जानकारी तब हुई जब उन्होंने इस बारे में पुलिस को बताया और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और आरोपिओं के खिलाफ मामला दर्ज किया।
पढ़िए सामाजिक चिंतकों ने क्या कहा
मामले में सामाजिक चिंतक प्रोफेसर सचिन्द्र नारायण ने गुरुवार को कहा, “ऐसी घटना काफी परेशान करने वाली है और जब तक उचित कार्रवाई नहीं की जाती, यह सामाज के मूल्यों को नष्ट कर देगी।” एक अन्य सामाजिक चिंतक प्रोफेसर बीएन प्रसाद ने कहा कि ऐसी घटनाएं तब तक जारी रहेंगी जब तक महिलाओं द्वारा पितृसत्तात्मक सत्ता को पर्याप्त चुनौती नहीं दी जाती। प्रसाद ने आगे कहा कि यह घटना लैंगिक भेदभाव नहीं है बल्कि यह मौजूदा पितृसत्तात्मक व्यवस्था का नतीजा है। जब तक महिलाएं खुद इसे चुनौती नहीं देतीं ऐसी चीजें जारी रहेंगी।
प्रसाद ने कहा कि सामान्य धारणा यह है कि बेटियां ‘पराया धन’ होती हैं। जबकि बेटों को पिता की संपत्ति का स्वाभाविक उत्तराधिकारी माना जाता है और उन्हें अपने माता-पिता की चिताओं को आग देने का विशेष अधिकार भी होता है।
पिता के बाद तांत्रिक करने लगा दुष्कर्म
वहीं मामले में पुलिस ने कहा कि आरोपी पिता की सिर्फ दो बेटियां थीं। उसने 2012 में बेटा पैदा करने के लिए एक स्थानीय तांत्रिक से सलाह ली थी। जिसके बाद तांत्रिक ने उसे “अपनी बेटियों से बलात्कार” करने की सलाह दी। रिपोर्ट में कहा गया है कि संयोग से बाद में आरोपी को एक बेटा हुआ लेकिन तांत्रिक ने लड़के की जान को खतरा बताया और उसे फिर से उनके साथ बलात्कार करने की सलाह दी। बाद में तांत्रिक भी लड़कियों के साथ बलात्कार करने लगा।
पिछले साल मई में लड़कियों ने हिम्मत दिखाई और घर से भाग गईं। उन्होंने इस मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने जांच की और सभी आरोपी व्यक्तियों को जेल जाना पड़ा।