यूपी के कानपुर में एक पिता हैवान बन गया। उसने अपनी डेढ़ साल की बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले उसने बेटी को डंडे से पीटा फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आस-पड़ोस के लोगों को जब खबर लगी तो उन्होंने इस घटना पर हैरानी जताई। इसके बाद आरोपी पिता को पेड़ से बांध दिया। इसके बाद आरोपी की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला पश्चिम पारा इलाके के तुलसीयापुर गांव का है।

दरअसल, आरोपी का नाम राजीव राजपूत है। किसी बात को लेकर उसका पत्नी से झगड़ा हो गया था। इसके बाद उसने गुस्से में अपना आपा खो दिया। आस-पास के लोगों को जब घटना के बारे में खबर लगी तो उन्होंने आरोपी को पकड़ा औऱ पेड़ से बांध दिया। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बच्ची की मां बेसुध है। वह आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

जानकारी के अनुसार, राजीव पत्नी नेहा के औऱ दो बच्चों के साथ तुलसीयापुर गांव में रहता था। सब सही चल रहा था। इसी बीच दोनों के बीच घरेलू विवाद हो गया। देखते-देखते विवाद बढ़ गया। इसके बाद नेहा ने राजीव को धक्का दे दिया। पत्नी द्वारा धक्का दिए जाने के बाद राजीव गुस्से से लाल हो गया।

डंडे से पीटकर दी मौत

उसने पास में रखा हुआ एक डंडा उठाया और डेढ़ साल की बेटी को बुरी तरह पीटने लगा। पत्नी ने छुड़ाने की कोशिश की मगर वह नहीं माना। वह गुस्से से शायद पागल हो चुका था। इसके बाद उसने अपनी बेटी की गला दबा दिया। जिससे बच्ची ने मौके पर दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद पिता घर के बाहर आकर बैठ गया। आस-पास के लोगों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने से पहले आरोपी ने भागने की कोशिश की। हालांकि गांव वालों ने उसे पकड़ कर एक पेड़ से बांध दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने राजीव को गिरफ्तार कर लिया। वहीं बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पत्नी का कहना है कि बहस हो रही थी। इसी बीच राजीव ने बेटी को पीट-पीटकर मार डाला। फिलहाल आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।