तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का आंदोलन जारी है। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस औऱ प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। ‘एबीपी न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक यहां प्रदर्शनकारियों ने पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम पर हमला कर दिया। एसपी शगुन गौतम ने किसी तरह वहां से भाग कर अपनी जान बचाई। बताया जा रहा है कि यहां किसानों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई थी। नाराज प्रदर्शनकारियों ने इस बैरिकेडिंग को तोड़ दिया। हो-हंगामे और झड़प के दौरान मुरादाबाद के एसएसपी प्रभाकर चौधरी घायल हो गए। उनके पैर में चोट आई है।

इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच झड़प हो रही है। अफरातफरी के माहौल के बीच सरकारी अधिकारियों की गाड़ियां भी नजर आ रही हैं। सैकड़ों प्रदर्शनकारियों की भीड़ इस वीडियो में नजर आ रही है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने इन किसानों को आगे जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग की थी।

पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद किसान नाराज हो गए और फिर आक्रोशित प्रदर्शनकारियों की पुलिस से भिड़ंत हो गई। काफी देर तक वहां हंगामा मचता रहा। बीते कई दिनों से किसान दिल्ली के बॉर्डर पर डटे हैं। राजधानी दिल्ली और इसके आसपास आकर नए कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन करने वाले किसान आंदोलन का 27वां दिन है। प्रदर्शन करने वाले किसानों में अधिकतर पंजाब और हरियाणा से हैं। सरकार के साथ किसानों की अब तक कई दौर की बातचीत हो चुकी है लेकिन, इस बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकल पाया है।

इससे पहले आंदोलन में शामिल एक किसान ने दिल्ली-हरियाणा सिंघु बॉर्डर पर सुसाइड करने की कोशिश की थी। तरण तारण के किसान निरंजन सिंह ने सोमवार को जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी।

दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश की सीमाओं पर जहां-जहां प्रदर्शन चल रहा है, वहां 11-11 किसान भूख हड़ताल पर बैठे हैं। 24 घंटे बाद 11 दूसरे किसान इस सिलसिले को आगे बढ़ाएंगे।