आजकल ऑनलाइन स्कैम के कई सारे मामले आते रहते हैं, लेकिन जापान से एक ऐसे फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जिसमें एक शख्स ने खुद को अंतरिक्ष यात्री बताया और एक महिला से कहा कि वह अभी अंतरिक्ष में है। कहानी बनाते हुए उसने महिला से कहा कि वह उससे प्यार करता है और अगर वह उसकी लैंडिंग फीस दे देगी तो धरती पर वापस आकर शादी भी करेगा।

जापानी महिला बनी शिकार

इस मामले में एक जापानी महिला इस ठग का शिकार बनी और उसे अंतरिक्ष यात्री मानते हुए कथित तौर 4.4 मिलियन येन (24.8 लाख) दे दिए। जापान से सामने आई इस घटना में एक ठग ने खुद को रूसी अंतरिक्ष यात्री बताया था और पृथ्वी पर लौटने के बाद महिला से शादी करने का वादा किया था।

ठग ने इंस्टाग्राम पर महिला से साधा संपर्क, कहा- करूंगा शादी

जापान के शिगा प्रान्त की रहने वाली 65 वर्षीय महिला की नकली अंतरिक्ष यात्री से इंस्टाग्राम पर मुलाकात हुई थी, जहां वह अंतरिक्ष की तस्वीरें पोस्ट करता था। उस शख्स ने यह भी दावा किया कि वह अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) पर काम करता है। इस मुलाकात के बाद दोनों के बीच चैटिंग शुरू हुई और थोड़े दिनों बाद एक जापानी मैसेंजिंग ऐप ‘लाइन’ पर जुड़ गए।

इस बातचीत के दौरान ठग ने महिला से कहा कि वह उससे प्यार करता है और उससे शादी करने का प्रस्ताव भी रखा। उसने कथित तौर पर महिला से कहा कि वह अंतरिक्ष से वापस आकर उसके साथ जापान में नई जिंदगी शुरू करना चाहता है।

लैंडिंग फीस के नाम पर ठगे 24 लाख

जापानी अखबार योमीउरी शिंबुन ने बताया कि जालसाज ने महिला को बताया कि पृथ्वी पर रॉकेट लैंड कराने के लिए उसे लैंडिंग फीस देनी होगी और उसे पैसों की जरूरत है। महिला उसके झांसे में आ गई और उसने 24.8 लाख रुपए भेज दिए। जब वह और पैसे मांगता रहा तो महिला को शक हुआ और उसने मामले की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ‘रोमांस स्कैम’ मानकर कर रही जांच

पुलिस इस मामले की जांच एक रोमांस स्कैम मानकर कर रही है। जापानी अखबार असाही ने के मुताबिक, ऐसी ही एक घटना पहले भी सामने आ चुकी है, जिसमें एक जापानी महिला को इसी तरह ठग ने अंतरिक्ष यात्री होने का दावा करते हुए संपर्क साधा था।