‘सुशांत के अकाउंट से 50 करोड़ रुपए निकाले गए..हम शांत नहीं बैठेंगे..’ यह कहना है बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय का। सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच अब धीरे-धीरे मुंबई पुलिस बनाम बिहार पुलिस बनती जा रही है। इस बीच बिहार के Director General of Police (DGP) गुप्तेश्वर पांडेय ने सवाल उठाया है कि आखिर मुंबई पुलिस पैसों को लेकर जांच क्यों नहीं कर रही है..?

डीजीपी ने कहा कि ‘बीते चार सालों में करीब 50 करोड़ रुपए सुशांत सिंह के अकाउंट में क्रेडिट हुए लेकिन हैरानी की बात है कि यह पैसे निकाल लिए गए। एक साल उनके अकाउंट में 17 करोड़ रुपए आए इनमें से 15 करोड़ रुपए निकाल लिए गए…क्या यह एक अहम बिंदू नहीं है जिसकी जांच होनी चाहिए..? हम शांत नहीं बैठेंगे…हम उनसे (मुंबई पुलिस) सवाल करेंगे।’

सुशांत सिंह के पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाने में जो एफआईआर दर्ज कराया है उसमें आरोप लगाया है कि रिया तथा उनके परिवार वालों ने सुशांत सिंह के अकाउंट से 15 करोड़ रुपए निकाले। साथ ही साथ उन्होंने रिया चक्रवर्ती पर सुशांत सिंह को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगाया है। बिहार पुलिस अलग-अलग एंगल से इस मामले की जांच कर रही है और इसी सिलसिले में बिहार पुलिस की एक टीम मुंबई में हैं।

इससे पहले सुशांत सिंह राजपूत की मौत की जांच करने मुंबई पहुंचे पटना सिटी एसपी विनय तिवारी को क्वारन्टीन किये जाने पर भी डीजीपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि ‘बजाए इसके कि मुंबई पुलिस सारे सबूत तथा सुशांत सिंह की पोस्टमार्टम औऱ फॉरेंसिक रिपोर्ट एसपी को दे उन्होंने एक आईपीएस को घर में बंदी बनाने की तरह कैद कर दिया। मैंने ऐसा असहयोग वाला रवैया किसी भी राज्य पुलिस की तरफ से नहीं देखा। अगल पुलिस इस केस को लेकर गंभीर है तो उन्हें हमें इस मामले की जांच करने देना चाहिए।’

इधर बिहार पुलिस द्वारा लगातार मुंबई पुलिस पर सवाल उठाए जाने के बाद मुंबई पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह ने मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी। उन्होंने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अब तक 56 लोगों से पूछताछ की गई है और बिहार पुलिस को सहयोग नहीं करने का सवाल ही नहीं उठता। एसपी को क्वारन्टीन किये जाने के मामले को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि जो हुआ अच्छा नहीं हुआ।