Geeta Deoria Murder Inside Story: यूपी के देवरिया से सुबह-सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां थाना रुद्रपुर के फतेहपुर गांव में 6 लोगों की हुई हत्या से इलाका थर्रा उठा है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि इतनी बड़ी वारदात के पीछे आखिर वजह क्या है? लोग इस घटना पर हैरानी जता रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जब वारदात हुई चारों और चीख-पुकार मच गई। ताबड़तोड़ गोलियों के चलने की आवाज सामने आ रही थी। इसके बाद एक-एक करके 5 लाशें एक ही घर से निकलीं। मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बारे में खबर फैलते ही लोग दहशत में आ गए। पुलिस को सूचना दी गई। फौरन डीएम, एसपी और सभी आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, मामला जमीनी विवाद का है। दो पक्षों में पुरानी रंजिश चल रही थी। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।
जमीनी विवाद में गई 6 लोगों की जान
अभी तक जो जानकारी सामने आई है उसके अनुसार, दो पक्षों में जमीन को लेकर काफी लंबे समय से ताना-तनी चल रही थी। वही पुरानी कहानी। दोनों पक्ष के लोग जमीन के एक हिस्से को अपना बता रहे थे। एक पक्ष कहता था कि यह जमीन मेरी है तो दूसरा उसपर अपना अधिकार जाताता था। यह मामला पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव और सत्यप्रकाश दुबे के बीच चल रहा था। दोनों पक्षों के लोग इस बात को लेकर अक्सर झगड़ पड़ते थे। उनमें तनाव बना हुआ था मगर किसी ने यह नहीं सोचा था कि बात यहां तक पहुंच जाएगी कि वे एक-दूसरे के खून के प्यासे हो जाएंगे। सत्यप्रकाश का कहना था कि प्रेम उनकी जमीन पर अवैध कब्जा कर रहा है। वहीं प्रेम का कहना था कि यह उसकी जमीन है किसी और की नहीं।
5 लोगों की हत्या की वारदात एक लाश मिलने के बाद हुई
मामला तब बढ़ गया जब प्रेम यादव का शव सोमवार को गली में पड़ा मिला। दरअसल, किसी ने प्रेम की गला काटकर हत्या कर दी थी और शव को गली में फेंक दिया था। हालांकि अभी तक यह साफ भी नहीं हुआ है कि प्रेम का हत्या किसने और क्यों की? प्रेम के परिजन को उसकी हत्या का शक सत्यप्रकाश दुबे पर गया। इसके बाद प्रेम के परिजन गुस्से में आ गए और सत्यप्रकाश के घर पर धावा बोल दिया। ऐसा लग रहा था कि प्रेम के परिजन बदला लेने के लिए सत्यप्रकाश के खून के प्यासे हो गए थे। वे अपना आपा खो चुके थे। प्रेम यादव के परिवार बंदूक, धारदार हथियार लेकर सत्य प्रकाश के घर पहुंच गए। उन्होंने सत्यप्रकाश के परिवार के सदस्यों पर हमला बोल दिया।
सुबह के वक्त सत्यप्रकाश के परिवार के सभी लोग घर पर ही थे। प्रेम के परिवार के लोगों ने बच्चों पर भी तरस नहीं दिखाई। सोमवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच उनके सामने जो भी आया उसे गोलियों से भून डाला, धारदार हथियार से गला काट डाला। इस तरह एक के बाद एक 5 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। चारों तरफ सिर्फ चीखें थीं। बच्चों की चीखें, घर की महिलाओं की चीखें…और गोलियों के चलने की आवाज। क्राइम का ऐसा सीन फिल्मों में होता है…घटना के बाद से आस-पास के लोग सदमे में हैं। हम और आप इसकी कल्पना भी नहीं सक सकते।
पति, पत्नी, दो बेटियां, और बेटे पर प्रेम के परिवार ने किया हमला
मरने वालों में सत्यप्रकाश दुबे, उनकी पत्नी, दो बेटी और एक बेटा शामिल हैं। वहीं एक बेटे की हालत गंभीर है। इस तरह एक परिवार चंद लमहों में उजड़ गया। मामले को देखते हुए गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात है। हालांकि गांव वालों का कहना है कि पुलिस को भी खबर थी कि दोनों परिवार में जमीनी विवाद चल रहा है। समय रहते अगर कार्रवाई हो गई होती तो 6 लोगों की जान नहीं जाती।
पुलिस का क्या कहना है
देवरिया के रुद्रपुर तहसील के फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में आपसी रंजिश में हुए विवाद में एक पक्ष के एक व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हुई और दूसरे पक्ष के छह लोगों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पांच लोगों की मृत्यु हुई। प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से संबंधित है। आज सुबह प्रेम यादव सत्यप्रकाश दुबे के घर पर आए थे, जिसमें कहासुनी हुई और सत्यप्रकाश दुबे और उनके परिजनों ने प्रेम यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी। कुछ देर बाद प्रेम यादव के टोले अभयपुर से लोगों ने सत्यप्रकाश दुबे के घर पर हमला कर घटना को अंजाम दिया। मामले में दो गिरफ्तारी हुई है। प्रकरण की जांच जारी है।
दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- सीएम योगी
मामले में यूपी के सीएम योगी आदित्य नाथ का कहना है, “जनपद देवरिया की दुर्भाग्यपूर्ण घटना अत्यंत दुःखद एवं निंदनीय है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। एडीजी/ कमिश्नर/आईजी को मौके पर पहुंचकर कठोरतम कार्यवाही तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इस घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” जानकारी के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुछ दिनों पहले की वीडियो कॉन्फ्रेंस कर जमीनी विवाद पर काम करने को कहा था मगर अफसर कॉन्फ्रेंस खत्म बात खत्म की थीम पर चल रहे हैं।
डीजी प्रशांत कुमार ने कहा आपसी रंजिश में हुई हत्या
मामले में स्पेशल डीजी प्रशांत कुमार का कहना है कि फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में रंजिश को लेकर विवाद हुआ। एक पक्ष ने एक शख्स की जान ली वहीं दूसरे पक्ष 5 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में मातम पसरा हुआ है। मामले पर DGP प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। इसके बाद घटना से जुड़ी बड़ी जानकारी सामने आ सकती है।