दिल्ली में सरेआम एक महिला के साथ लूटपाट की घटना सामने आई है। बाइक सवार आरोपियों ने महिला से आईफोन छीनने की कोशिश की। महिला एक स्कूल शिक्षिका हैं। जब बदमाश पीड़िता से मोबाइल छीनने की कोशिश कर रहे थे इसी दौरान वे ऑटो से बाहर सड़क पर गिर गईं। बदमाश फिर भी नहीं माने और महिला को सड़क पर घसीटते रहे। वे किसी भी हाल में महिला से मोबाइल छीनना चाहते थे। इस दौरान शिक्षिका घायल हो गईं। फिलहाल उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आईफोन छीनना चाहते थे आरोपी
इस मामले में पुलिस का कहना है कि दिल्ली में बदमाशों की वजह से एक महिला शिक्षक ऑटो-रिक्शा से गिरकर घायल हो गईं। इस दौरान दो बाइक सवार आरोपियों ने उन्हें सड़क पर खींच लिया और कुछ दूरी तक घसीटते रहे। वे महिला से उनका आईफोन छीनने की कोशिश कर रहे थे।
बाइक सवार बदमाशों ने सड़क पर घसीटा
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, घटना 11 अगस्त (शुक्रवार) को हुई। पीड़िता योविका चौधरी स्कूल से घर लौट रही थीं। तभी बाइक पर सवार दो लोगों ने उनसे आईफोन-13 छीनने की कोशिश की। हालांकि योविका चौधरी अपना मोबाइल जोर से पकड़े हुए थीं। उन्होंने पूरी हिम्मत दिखाई और आरोपियों से लड़ीं। हालांकि आरोपियों ने उन्हें ऑटो से बाहर खींच लिया। वे सड़क पर गिर गईं। इसके बाद बाइक सवार आरोपियों ने उन्हें सड़क पर घसीटा। इस दौरान बाइक सवार आरोपी उनका फोन छीनकर फरार हो गए।
घायल पीड़िता को अस्पताल ले जाया गया
सड़क पर गिरने और घसीटे जाने से वे बुरी तरह घायल हो गईं। उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद उन्हें मैक्स अस्पताल साकेत ले जाया गया। उनकी नाक में फ्रैक्चर हो गया था। साथ ही शरीर पर कई और जगहें चोट लगी थी। मैक्स अस्पताल में उनका इलाज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, चौधरी साकेत स्थित ज्ञान भारती स्कूल में शिक्षक हैं। वह देवली की रहने वाली है।
20 से 22 साल थी आरोपियों की उम्र
अपनी पुलिस शिकायत में पीड़िता ने कहा कि बाइक सवार लोगों की उम्र लगभग 20 से 22 साल थी और उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। भारतीय दंड संहिता की धारा 356 (चोरी के लिए किसी व्यक्ति के खिलाफ हमला करना या आपराधिक बल का उपयोग करना), 379 (चोरी करना) और 34 (जब सामान्य इरादे को आगे बढ़ाने के लिए कई लोगों द्वारा एक आपराधिक कार्य किया जाता है) के तहत मामला दर्ज किया गया है।