दिल्ली से लापता हुई 45 साल की महिला का शव ग्रेटर नोएडा से बरामद हुआ है। महिला शुक्रवार को लापता हो गई थी। उसका शव शनिवार को ग्रेटर नोएडा से बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। मृतक महिला का नाम पिंकी है। वह अपने परिवार के साथ अम्बेडकर नगर में रहती थी। वह निज़ामुद्दीन स्टेशन पर क्लर्क के रूप में काम करती थी। पुलिस ने कहा कि वह बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। जांच से पता चला कि उसे आखिरी बार उसके ऑफिस में देखा गया था। उसके कार्यालय के कर्मचारियों ने पुष्टि की है कि वह दोपहर 3 बजे के बाद चली गई थी। डीसीपी (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा कि ऐसा लगता है कि ग्रेटर नोएडा में महिला की हत्या की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार, लापता महिला रेल कर्मचारी की लाश ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में मेट्रो स्टेशन के पास मिली। महिला 8 सितंबर से गायब थी। परिवार ने उसे खोजने की कोशिश की मगर कहीं उसका पता नहीं चला। घरवाले टेंशन में आ गए। इसके बाद महिला के बेटे ने दिल्ली के अंबेडकर नगर पुलिस थाने में मां के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

बेटे ने शिकायत में कहा था कि उसकी मां बिना किसी से कुछ कहे घर से गायब हो गई है। काफी खोजने के बाद भी उसका पता नहीं चला है। इसके बाद भी परिवार वाले उसे खोजते रहे। इसी बीच 9 सितंबर को अंबेडकर नगर पुलिस थाने को नॉलेज पार्क थाने (ग्रेटर नोएडा) में एक महिला की लाश मिली। वहीं पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक महिला को आखिरी बार दोपहर 3 बजे के करीब निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन स्थित ऑफिस में देखा गया था। जांच में पता चला कि महिला का अंतिम लोकेशन नॉलेज पार्क (ग्रेटर नोएडा) था।

मोबाइल फोन का डेटा खंगाल रही है पुलिस

पुलिस के अनुसार, मृतक महिला दो दिन पहले सुबह के समय ऑफिस के लिए घर से निकली थीं। वे ऑफिस भी गईं मगर शाम को घर नहीं लौटीं। जांच में पता चला है कि महिला की हत्या कर शव को नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के पास फेंक दिया गया। पुलिस ने यह भी बताया कि महिला को आखिरी बार ग्रेटर नोएडा के एक एटीएम से पैसे निकालते निकालते हुए देखा गया था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि महिला आखिरी बार किसके साथ थीं और वे निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के बाद कहां गईं। पुलिस सीसीटीवी की जांच कर रही है और उनके मोबाइल फोन का डेटा खंगाल रही है।