Delhi Crime: दिल्ली के नेबसराय इलाके में शनिवार दोपहर नाइजीरियन (Nigerians) नागरिकों ने जमकर हंगामा किया। दरअसल, नारकोटिक्स स्क्वाड इलाके में बिना वीजा के अवैध रूप से रह रहे तीन आरोपियों को पकड़ने पहुंचा था। पुलिस तीनों को पकड़ कर लौट ही रही थी कि इसका विरोध करते हुए नाइजीरियन नागरिकों ने पुलिस को घेर कर उनके साथ बदसुलूकी करनी शुरू कर दी। इस दौरान मौका पाकर दो आरोपी फरार हो गए। दिल्ली पुलिस एक आरोपी नाइजीरियाई नागरिक को किसी तरह पकड़कर लाने में सफल हो पायी।

नाइजीरियाई नागरिकों ने Delhi Police को घेरा

दक्षिण दिल्ली के नेब सराय इलाके में नाइजीरिया के लगभग 100 लोगों ने पुलिसकर्मियों की एक टीम को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। अधिकारियों ने कहा कि टीम तीन नाइजीरियाई लोगों को पकड़ने की कोशिश कर रही थी जिनके वीजा समाप्त हो गए थे, लेकिन नाइजीरियाई नागरिकों ने उन पर हमला कर दिया। इस बीच हिरासत में लिए गए लोगों में से दो भागने में सफल रहे।

पुलिस ने शनिवार को कहा कि उन्होंने तीन नाइजीरियाई नागरिकों के निर्वासन (Deportation) की कार्यवाही को पूरा करने के लिए एक नारकोटिक्स सेल टीम भेजी, जो देश में ओवरस्टेइंग (Overstaying) कर रहे थे। रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे उन्होंने तीन लोगों को पकड़ लिया, लेकिन कई लोगों ने उन्हें रोक लिया।

Overstaying कर रहे Nigerians को पकड़ने पहुंची थी पुलिस

डीसीपी (साउथ) चंदन चौधरी ने कहा, “टीम उन्हें पुलिस स्टेशन लाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन अचानक करीब 100 अफ्रीकी वहां इकट्ठा हो गए और पुलिस टीम का रास्ता रोक लिया। इस दौरान हिरासत में लिए गए दो नाइजीरियाई नागरिक भागने में सफल रहे। एक को बाद में सफलतापूर्वक पकड़ लिया गया।” अधिकारियों ने कहा कि अफ्रीकी नागरिकों के झुंड ने उनके साथ मारपीट की और उनके काम में बाधा डालते हुए नाइजीरियन नागरिकों को छोड़ने के लिए मजबूर किया।

पुलिस शनिवार शाम करीब 6.30 बजे फिर से इलाके में दाखिल हुई और चार लोगों को ओवरस्टेइंग के लिए हिरासत में लिया। उन्हें फिर से इलाके में 100-150 लोगों ने घेर लिया और गिरफ्तारी करने से रोक दिया। वायरल वीडियो में पुलिस के साथ युवक और युवतियों के एक समूह को झगड़ते हुए देख सकते हैं। पुलिस आरोपियों को खींचते हुए नजर आ रही है, वहीं अफ्रीकी युवक उन्हें धक्का दे रहे हैं और उन पर चिल्ला रहे हैं। दिल्ली पुलिस के अधिकारी मानव श्रृंखला बनाने की कोशिश करते और प्रदर्शनकारियों को अपनी लाठियों से रोकने की कोशिश करते भी दिखाई दे रहे हैं।