दिल्ली के संगम विहार इलाके में एक शख्स खाना खराब होने के कारण नाराज हो गया। उसका गुस्सा इतना ज्यादा बढ़ गया कि उसने अपनी पत्नी को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान आरोपी को पत्नी के पेट में पल रहे बच्चे का ख्याल भी नहीं आया। बताया जा रहा है कि महिला करीब 20 प्रतिशत झुलस गई है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

National Hindi News 13 September 2019 LIVE Updates: दिन भर की बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

8 सितंबर को हुई घटना: पुलिस के मुताबिक, यह घटना 8 सितंबर को उस वक्त हुई, जब आरोपी विवेक कुमार ऑफिस से घर लौटा। उसने अपनी पत्नी से खाना मांगा। पुलिस ने बताया कि खाने का स्वाद अच्छा नहीं होने पर विवेक ने प्लेट फेंक दी।

सो रही पत्नी को किया आग के हवाले: खाना पसंद नहीं आने पर विवेक और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों सो गए। रात करीब 1:30 बजे जब महिला सो रही थी, तब विवेक ने उसे आग लगा दी। पीड़िता की चीखें सुनकर सास-ससुर मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए।

20 प्रतिशत झुलसी महिला: जानकारी के मुताबिक, इस घटना में महिला करीब 20 प्रतिशत झुलस गई है। अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

https://www.youtube.com/watch?v=kJAcULNvRqA

पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं: गौरतलब है कि दिल्ली में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नॉर्थ वेस्ट दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में रहने वाले एक शख्स ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी को गला घोंटकर मार डाला था। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया था।