दिल्ली से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां साउथ ईस्ट दिल्ली के ओखला फेज 2 स्थित संजय कॉलोनी इलाके में एक शख्स की ईंट-पत्थर से कूंच-कूंच कर हत्या कर दी गई। वह अपने बेटे को बचाने गया था। दरअसल, शख्स के बेटे को 4-5 लड़के मिलकर पीट रहे थे। जब पिता ने उसके चिल्लाने की आवाज सुनी तो उसे बचाने पहुंचे। इसके बाद आरोपी लड़कों ने मिलकर उन्हें की मौत की नींद सुला दी। आरोपियों ने उन पर ईंट और पत्थरों से हमला किया। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।

गली में बाइक लेने गया था किशोर

दरअसल, शुक्रवार रात करीब 11 बजे मो. हनीफ का 14 साल का बेटा गली में अपनी बाइक लेने गया था। उसने देखा कि बाइक पर 4-5 लड़के बैठे थे। किशोर ने उन्हें बाइक से उतरने के लिए कहा। इसके बाद आरोपी लड़के पीड़ित किशोर के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब पीड़ित किशोर ने उनका विरोध किया तो वे उसे पीटने लगे। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पिता उसे बचाने पहुंचे जहां आरोपियों ने हनीफ पर भी ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले के कारण वे बुरी तरह घायल हो गए। आरोपी मौके से फरार हो गए।

हनीफ को एम्स ट्रामा ले गई पुलिस

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस हनीफ को एम्स ट्रामा ले गई। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हमले में हनीफ का बेटा भी घायल हो गया। हनीफ की मौत की खबर जब परिजन को मिली तो घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग सदमे में हैं। वहीं कॉलोनी के लोग दहशत में है।

फरार हैं आरोपी

पुलिस के अनुसार, 38 साल के मो. हनीफ अपने परिवार के साथ ओखला फेज टू के संजय कॉलोनी में रहते थे। वे वहां मंडी में पल्लेदारी का काम करते थे। उनकी पत्नी और 4 बेटे आजीविका के लिए उन पर ही आश्रित थे। रिपोर्ट के अनुसार, दिल पर चोट लगने के कारण हनीफ की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। परिजन औऱ आस-पास के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के कारण नाराज हैं। फिलहाल आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है।