दिल्ली से सनसनीखेज खबर सामने आई है। असल में पुलिस को पूर्वोत्तर दिल्ली के फर्श बाजार में एक बैग के अंदर एक महिला की लाश मिली थी। इसी मामले में अब पुलिस ने 19 साल के आरोपी सुल्तान को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि उसका होने वाला दूल्हा है। जिससे उसकी शादी होने वाली थी। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी 23 साल की शमा से नाराज था। वह नहीं चाहता था कि वह अपने एक्स से बात करे।
पीड़ित के परिवार ने आरोप लगाया कि हत्या के बाद सुल्तान ने उन्हें यह कहकर गुमराह किया कि वह शमा को ढूंढने में मदद करेगा। वह शम को खोजने का नाटक कर रहा था। आरोपी ने शमा के परिजन से यह भी कहा था कि उसे खोजने के लिए पुलिस के पास जाकर शिकायत भी दर्ज कराएगा। दरअसल, शमा अपने परिवार के साथ फर्श बाजार में रहती थी। वह एक ब्यूटी पार्लर में काम करती थी।
रविवार शाम को पुलिस को सूचना मिली कि विश्वास नगर की एक बिल्डिंग में लावारिस बैग के अंदर एक महिला की लाश है। उसके सिर पर चोट के निशान थे। कपड़े से उसका गला घोंटा हुआ था।
ऑफिस मिलने बुलाकर की हत्या
पुलिस ने मामले में बताया कि हत्या शनिवार को सुल्तान के ऑफिस में हुई। उसके एक कर्मचारी को रविवार को बैग मिला। उसी कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। मामले में पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) रोहित मीणा ने कहा कि आरोपी ने अपना फोन ऑफ कर लिया था। हालांकि टेक्निकल हेल्प से पता चला कि वह मुंबई के मुलुंड में था। इसके बाद अतिरिक्त डीसीपी राजीव रावल के नेतृत्व में गठित कई टीमें मुंबई पहुंचीं और उसे पकड़ लिया।
सुल्तान ने पुलिस को बताया कि वह शमा को पिछले दो-तीन साल से जानता है। दोनों की शादी होने वाली थी। शादी फिक्स करने के लिए उसका परिवार शनिवार को शमा के घर भी गया था।
हाथ-पैर बांधकर शव को बैग में रखा
पुलिस के अनुसार, उसी दिन सुल्तान ने शमा को अपने ऑफिस बुलाया। दोनों में वहां विवाद हुआ। जिसके बाद शमा की हत्या कर दी गई। उसने शमा के हाथ-पार बांध दिए और शव को एक बैग में रख दिया। इसके बाद उसने अपना ऑफिस और फोन बंद कर दिया। वह सीधे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचा और वहां से मुंबई भाग गया।
मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सुल्तान ने शमा को अपने पूर्व प्रेमी के साथ बात करने के लिए मना किया था। सुल्तान ने परिवार ने शमा की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी मुंबई से भागने की प्लानिंग कर रहा था लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शमा के भाई ने आरोप लगाया कि जब इसने सुल्तान से पूछने के लिए फोन किया कि क्या उसकी बहन उसके साथ है तो उसने इनकार कर दिया। इतना ही नहीं उसने कहा कि शमा को खोजने में मदद करेगा और पुसलि में शिकायत दर्ज कराएगा।
वारदात में और लोगों के शामिल होने का शक
शमा के भाई ने आगे कहा कि उसने मुझे रात 9 बजे तक इंतजार करने को कहा। रात 9 बजे के बाद भी जब उसने जवाब नहीं दिया तो शमा के परिवार ने पुलिस से संपंर्क करने का फैसला किया। शमा के भाई का कहना है कि इस बात का शक है कि इस अपराध में और लोग भी शामिल थे। उसका शमा से शादी करने का कोई इरादा नहीं था। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।