Gang War in Mundka Delhi: दिल्ली के मुंडका इलाके में शनिवार को गैंगवार की घटना सामने आई। यहां टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के बाइक सवार कुख्यातों ने गोगी ग्रुप के सदस्य की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 22 साल के अमित के रूप में हुई है। वो चोरी के आरोप में जेल जा चुका है।
हमलावरों ने करीब छह राउंड गोली चलाई
पुलिस ने बताया कि शनिवार की शाम टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के लोगों ने हाल ही में जेल से बाहर आए अमित पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उस पर करीब छह राउंड गोली चलाई। हमले में अमित की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर ली है। लेकिन राष्ट्रीय राजधानी में जिस तरह एक के बाद हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं उसने केंद्र शासित प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
दिल्ली के वेलकम में लूटपाट के दौरान एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूर्वी दिल्ली के वेलकम थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना को अंजाम दिया है। इस घटना में नदीम नाम के शख्स की मौत हो गई थी।
बाइक सवार बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की
जानकारी अनुसार वेलकम थाना क्षेत्र के कबीर नगर में शुक्रवार की रात फैक्ट्री से लौट रहे तीन दोस्तों के साथ बंदूकधारी बदमाशों ने लूटपाट की कोशिश की। स्कूटी से घर आ रहे दोस्तों से बाइक सवार बदमाशों ने सामान छीनने की कोशिश की। इसी दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। घटना में एक शख्स की मौत हो गई थी। पूरे मामले में वेलकम थाना की पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।