दिल्ली के साकेत से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक आरोपी ने अपनी 23 साल की प्रेमिका को बेरहमी से चाकू मार दिया। मामले में पुलिस ने बताया कि लड़की कैब में बैठने जा रही थी तभी उसके प्रेमी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। वहां मौजूद कैब ड्राइवर ने बीच-बचाव किया औऱ आरोपी को पकड़ लिया। आस-पास के लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में पीड़िता खून से लथपथ है। वह मदद मांग रही है। वह कह रही है, प्लीज मुझे अस्पताल ले चलिए। वीडियो में आरोपी के कपड़ों पर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल दिल्ली पुलिस ने गौरव पाल नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पाल गाजियाबाद का रहने वाला है और गुरुग्राम में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है।
दो साल से रिलेशनशिप में थे कपल
इस मामले में डीसीपी (दक्षिण) चंदन चौधरी ने कहा कि हमें सुबह करीब 6.30 बजे लाडो सराय से एक पीसीआर कॉल मिली थी। फोन करने वाले ने हमें बताया कि एक महिला को एक शख्स ने चाकू मार दिया है। वह घायल अवस्था में पड़ी है। इसके बाद पुलिस उस स्थान पर पहुंची जहां पीड़िता मौजूद थी। पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी और पीड़िता दो साल से रिलेशनशिप में थे। हाल ही में महिला ने उसे नजरअंदाज करना शुरू कर दिया था। वह उससे रिश्ता खत्म करना चाहती थी। पुलिस ने कहा कि इससे आरोपी नाराज हो गया। उसने लड़की को अपने घर के पास मिलने के लिए कहा। वहीं पर दोनों का झगड़ा हुआ। कुछ समय बाद महिला ने कैब बुक की। जब वह कैब की तरफ जा रही थी तो आरोपी ने चाकू निकाला और पीड़ता पर हमला कर दिया।
अधिकारी ने आगे कहा कि कैब ड्राइवर महिला की मदद के लिए दौड़ा और आरोपी को पकड़ लिया। जिससे महिला की जान बच गई। फिलहाल पाल पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उससे हमले की वजह के बारे में पूछताछ कर रही है। वहीं महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पहले भी आरोपी ने पीड़िता को किया था परेशान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पाल ने पहले भी महिला को परेशान किया था और उसे धमकी दी थी। असल में 10 सितंबर को महिला ने पीसीआर कॉल कर कहा था “एक लड़का मुझे परेशान कर रहा है। वह मेरे घर के सामने खड़ा है। मुझे पुलिस की जरूरत है।”
पुलिस की एक टीम महिला के घर पहुंची थी। पूछताछ में पता चला कि पाल उधार के कुछ पैसों को लेकर महिला से झगड़ा रहा था। अधिकारी ने कहा , ” उस समय हमने पाल के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की क्योंकि पीड़िता ने पाल के खिलाफ कोई कार्रवाई करने से इनकार कर दिया था।”