‘Bois Locker Room’ नाम से बना एक Instagram ग्रुप अब दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम सेल की निगरानी में है। सोशल मीडिया पर इस इंस्टाग्राम के चैट बॉक्स के कुछ स्क्रीनशॉट वायरल हुए हैं। जिसके बाद साइबर सेल के डीसीपी ने कहा कि इस मामले में सोशल मीडिया की रिपोर्ट के आधार पर आईटी एक्ट और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है और इसकी जांच की जा रही है।
‘Bois Locker Room’ के बारे में कहा जा रहा है कि इस इंस्टाग्राम ग्रुप में कुछ नाबालिग बच्चे हैं और वो अपने क्लासमेट या अन्य लड़कियों की तस्वीरें ग्रुप में शेयर कर गंदी बातें कर रहे हैं। इस ग्रुप के चैटिंग की जो स्क्रीनशॉट्स वायरल हुए हैं उससे पता चल रहा है कि 11 औऱ 12वीं क्लास के कुछ लड़के नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें शेयर कर रहे हैं और उनपर भद्दे कमेंट कर रहे हैं।
यह ग्रुप महिलाओं की तस्वीरों को एडिट कर उसे गंदे ढंग से सोशल साइट पर डाल रहा है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि इस ग्रुप को साउथ दिल्ली स्थित एक नामी स्कूल में पढ़ने वाले 16-18 साल के लड़के चला रहे हैं। इनमें से कुछ की उम्र तो 14 साल भी बताई जा रही है। इस ग्रुप के कुछ सदस्यों की लिस्ट भी सामने आई है। यह लड़के इस ग्रुप में अपनी ही क्लासमेट के बारे में गंदी बातें कर रहे हैं।
चैटिंग के दौरान इस ग्रुप के कुछ लड़के लड़िकयों को धमकी भी दे रहे हैं। वो दावा कर रहे हैं कि उनके पास स्कूल की लड़कियों की न्यूड तस्वीरें हैं और वो जब चाहें तब इन तस्वीरों को सरेआम कर सकते हैं।
बताया जा रहा है कि कुछ महिलाओं की नजर जब इस इंस्टाग्राम ग्रुप पर पड़ी तब उन्होंने इसे बेनकाब किया। निस्का नागपाल नाम की एक इंस्टाग्राम यूजर ने सबसे पहले इस ग्रुप को एक्सपोज किया था।
उनका कहना है कि इस इंस्टाग्राम अकाउंट में कई नाबालिग लड़कियों की तस्वीरें हैं। इसमें यह लड़के लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने पर भी चर्चा कर रहे हैं।
‘न्यूज 18’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस ग्रुप के कुछ सदस्यों के कॉन्टैक्ट डिटेल सामने आ गए हैं उन्हें गिरफ्तार भी किया गया है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

