महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की तीसरे नंबर की टॉपर दर्शना पवार मर्डर केस की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस ने इस मामले में खुलासा किया है कि कातिल कोई औऱ नहीं दर्शना का दोस्त राहुल हंडोरे ही निकला। बुधवार देर रात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसने 12 जून को दर्शना पवार की हत्या कर शव को ऊंची पहाड़ी से नीचे फेंक दिया था। इसके बाद से ही वह लापता चल रहा था। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। चलिए बताते हैं कि पूरा मामला क्या है?

महाराष्ट्र के कोपरगांव की रहने वाली 26 साल की दर्शना दत्तू पवार ने हाल ही में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) में तीसरे नंबर की टॉपर रही थीं। उन्हें फॉरेस्ट डिपार्टमेंट में रेंजर चुना गया था। 12 जून को वह राजगढ़ किला घूमने गई थीं। जिसके बाद से लापता हो गई थीं। घरवालों ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। कुछ दिनों पहले ही पुणे ग्रामीण पुलिस को राजगढ़ किले की तलहटी में उनका शव मिला था। शव पर चोट के कई निशान थे। शव से थोड़ी दूरी पर दर्शना का काला चश्मा, जूता और बंद मोबाइल मिला था।

इसके बाद यह साफ हो गया था कि दर्शना की हत्या की गई है। अब शव मिलने के चार दिन बाद पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दर्शना के दोस्त राहुल हंडोरे को गिरफ्तार कर लिया है। राहुल 12 जून को दर्शना के साथ राजगढ़ किला घूमने गया था। दर्शना की हत्या करने के बाद वह फरार हो गया था। दोनों के परिजनों ने 14-15 जून को उनके लापता होने की अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई थी।

पूछताछ में राहुल ने बताया कि दर्शना के परिवार वालों ने उसकी शादी कहीं और तय कर दी थी जबकि वह उससे शादी करना चाहता था। उसकी शादी की तैयारियां भी होने लगी थी। दोनों साथ में कोचिंग में पढ़ते थे। दोनों ने साथ में परीक्षा दी थी दर्शना अच्छे नंबरों से पास हो गई थी जबकि राहुल पास नहीं हो सका था।

दर्शना ने MPSC में टॉप किया था। उसके पिता अहमदनगर में चीनी मिल में ड्राइवर हैं। इसी सिलसिले में कोचिंग सेंटर ने उन्हें सम्मानित करने के लिए 11 जून को पुणे बुलाया था। कार्यक्रम में दिया गया दर्शन का भाषण अब वायरल हो गया है। पुणे ग्रामीण पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात संदिग्धों के खिलाफ हत्या की शिकायत दर्ज की थी।

सिविल सेवा की तैयारी कर रहा था आरोपी

आरोपी हंडोरे नासिक जिले के सिन्नर तालुका के शाह गांव के रहने वाला है। उसने बीएससी किया है। फिलहाल वह पुणे में सिविल सेवाओं की तैयारी कर रहा था। वह दर्शना को राजगढ़ किला घुमाने ले गया और वहां उसकी हत्या कर शव को पहाड़ी से नीचे फेंक दिया। सीसीटीवी फुटेज में वह बाइक पर दर्शना के साथ किले में घूमता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस को उस पर शक था। वह हत्या करने के बाद गायब हो गया था। उसका फोन भी बंद आ रहा था। अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।