राजस्थान के भरतपुर से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। यहां जिले के बानसूर कस्बे में सीआरपीएफ महिला कांस्टेबल ने सिपाही प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और फिर शव को ठिकाने लगा दिया। फिलहाल पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस की पकड़ से बचने के लिए महिला कांस्टेबल और सिपाही ने हत्या दिल्ली में की और शव को ठिकाने लगाने के लिए राजस्थान लेकर गए। वहां पहुंचने के बाद एक गांव में शव को दफना दिया।

दोनों कांस्टेबल ने मिलकर संजय की हत्या करने की साजिश रची

पुलिस के अनुसार, मृतक संजय जाट पत्नी पूनम जाट के साथ दिल्ली में रहता था। पत्नी सीआरपीएफ कांस्टेबल थी। पत्नी का राजस्थान के भरतपुर जिले के बानसूर गांव के साथी सीआरपीएफ कांस्टेबल राम प्रताप के साथ अवैध संबंध था। कुछ महीनों पहले पूनम ने राम प्रताप को बताया कि उसका पति उसका शारीरिक शोषण करता है। पूनम ने राम प्रताप को दिल्ली आने के लिए कहा। इसके बाद 31 जुलाई को राम प्रताप दिल्ली पहुंच गया। दोनों ने मिलकर संजय की हत्या की साजिश रची और फिर उसे मार डाला।

हत्या के बाद राम प्रताप और महिला कांस्टेबल ने वह तरीका निकाला जिससे वे पकड़े ना जाए। इसलिए राम प्रताप संजय के शव को अपने साथ गृहनगर बानसूर ले गया। वहां उसने शव को अपने घर के पास भूखंड में दफन कर दिया। दोनों आरोपियों को लगा कि अब वे पकड़े नहीं जाएंगे।

मृतक के परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत

इसी बीच मृतक के परिजनों ने राजस्थान के खोह थाने में उसके लापता होने की सूचना दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पूनम जाट सहित अन्य लोगों से गहन पूछताछ की। खोह थाना अधिकारी गिर्राज प्रसाद ने बताया कि पूछताछ के दबाव में उसने अपराध कबूल कर लिया और पूरी घटना बताई। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने 4 अगस्त को राम प्रताप को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को यह जानकारी दी कि उसने संजय के शव को कहां और कैसे ठिकाने लगाया।

पुलिस ने पीड़ित के शव का पता लगाया और उसे बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल दोनों संदिग्धों से पूछताछ चल रही है जबकि अधिकारी हत्या की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।