गुजरात पुलिस ने राजकोट में तीन साल की बच्ची के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने के आरोप में शनिवार देर रात एक 45 वर्षीय शख्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कहा कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले आरोपी के छह बच्चे हैं और वह कटलरी की दुकान चलाता है। फिलहाल वह अकेला यहां रह रहा है। उसपर आरोप है कि उसने तीन साल की बच्ची को स्नैक्स देने के बहाने बुलाया और उसके साथ बलात्कार किया। स्थानीय पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक ने कहा कि घटना शुक्रवार दोपहर की है जब लड़की खेलने के लिए मैदान में गई और आरोपी उसे बहला-फुसला कर एकांत में ले गया।

पुलिस ने और क्या जानकारी दी है?

पुलिस ने जानकारी दी है कि घटना के तुरंत बाद बच्ची को पास के एक अस्पताल में ले जाया गया और वहां उसका इलाज जारी है। आगे की जांच चल रही है। आरोपी पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। बच्ची का परिवार सदमे में है। बच्ची को शख्स ने स्नैक्स देने के बहाने बुलाया था और उसकी मंशा कुछ और ही थी। इस मामले को लेकर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बढ़ गए हैं ऐसे मामले

बच्चों के साथ ऐसी वारदात के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इससे पहले यूपी के गाजियाबाद में 10 साल की बच्ची के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में दो लोगों को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। एनकाउंटर में एक आरोपी के पैर में गोली भी लगी थी। रिपोर्ट के अनुसार, बच्ची घर के बाहर बारात देखने गई थी। उसी दौरान दो लोगों ने उसका अपहरण किया और फिर चलती कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना 10 दिसंबर की बताई गई है। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी सिलसिले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि एक आरोपी के पैर में गोली लगी है।