Covid-19, Lockdown 4.0: लॉकडाउन का चौथा चरण अभी देश भर में लागू है। लेकिन तमाम पाबंदियों के बावजूद महिलाओं के प्रति अपराध नहीं रुक रहे हैं। अब झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से बेहद ही चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां चेक-पोस्ट पर तैनात एक पुलिसकर्मी पर महिला से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है।

‘लाइव हिन्दुस्तान’ की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिसकर्मी सुग्रीव कोरवा पर आऱोप है कि बीते बुधवार (20-05-2020) की शाम वो महिला के घर पहुंचा था। महिला को जान से मारने की धमकी देकर वो उन्हें जबरदस्ती अपने साथ लेकर एक सुनसान जगह पर गया और उसने महिला के दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।

पीड़िता ने अपने साथ हुई इस ज्यादती की जानकारी सबसे पहले अपने पिता को दी। इसके बाद पीड़ित लड़की के पिता ने गांव के कुछ लोगों को यह बात बताई और आरोपी की तलाश करने लगे। इलाके के लोगों ने सामुदायिक भवन के पास से आरोपी को पकड़ लिया और पहले उसकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी इसी सामुदायिक भवन में ठहरा था।

आरोपी पुलिसकर्मी की पिटाई करने के बाद गांववालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इलाके के लोगों ने पुलिस से आरोपी जवान पर कार्रवाई करने की मांग की और उसे तुरंत चेक-पोस्ट से हटाने की भी मांग की।

पुलिसकर्मी द्वारा गंभीर वारदात को अंजाम देने की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने तुरंत दल-बल के साथ मौका-ए-वारदात पर जाकर छानबीन की। आरोपी जवान को हिरासत में ले लिया गया है और पुलिस ने पीड़ित परिवार को इस मामले में सख्त कार्रवाई करने का भरोसा भी दिलाया है।

आपको बता दें कि राजस्थान के झालावाड़ जिले में हाल ही में 2 नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म करने की दो अलग-अलग घटनाएं भी सामने आई थीं। इस मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है।