Coronavirus, Covid-19: कोरोना वायरस का खतरा पूरे देश में मंडरा रहा है। ऐसे हालात में सरकार ने लोगों से घरों से निकलने पर मास्क पहनने की जरुरी सलाह दी है। लेकिन कुछ लोग अभी भी सरकार की इन आदेशों को गंभीरता से नहीं ले रहे। ओडिशा में मास्क नहीं पहनने वालों पर अब बड़ी कार्रवाई की गई है।

घर से निकलते वक्त मास्क नहीं पहनने वाले 167 लोगों पर यहां जुर्माना लगाया गया है। ओडिशा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि लोगों से यह जुर्माना Commissionerate of Police के आदेश पर वसूला गया है।

यहां भुनवेश्वर तथा कटक जैसे शहरों में लोगों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। यहां प्रशासन की तरफ से लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि वो घरों से निकलते वक्त मास्क जरुर पहनें।

लेकिन सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने पर इन लोगों से जुर्माना वसूला गया है। आपको बता दें कि मास्क नहीं पहनने पर यहां जुर्माने की राशि 200 रुपए तय की गई है। हालांकि 3 बार प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन करने पर 500 रुपया जुर्माना रखा गया है।

आपको बता दें कि देश में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की अवधि को 3 मई तक बढ़ाए जाने का ऐलान किया। लेकिन ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार ने पहले ही लॉकडाउन को राज्य में बढ़ाने का ऐलान कर दिया था। लॉकडाउन की अवधि के दौरान किसी को भी बेवजह घर से निकलने की इजाजत नहीं है।

ओडिशा में कोरोना ने कहर बरपाया है। जिसके बाद सुरक्षा उपायों को देखते हुए राज्य सरकार ने लोगों से घरों से निकलने पर मास्क जरुर पहनने के लिए कहा है। कोरोना का खतरा इस वक्त पूरे देश में मंडरा रहा है।

ओडिशा, महाराष्ट्र, दिल्ली, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना समेत कई राज्यों में इस वक्त कोरोना का कहर बरप रहा है। देश में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 9000 के पार चली गई है। जिसके बाद सरकार ने लोगों से हर जरुरी एहतियात बरतने के लिए कहा है।