यूपी के सहारनपुर से एक महिला और एक पुरुष का शव मिला है। दोनों की हत्या की गई है। मामले में पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों शव एक दंपति का है। पुलिस मामले के कई पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिले के थाना सरसावा के नानौता क्षेत्र में एक महिला सहित दो लोगों की हत्या कर दी गई। उन्होंने आगे बताया कि पुरुष के शव जलाने की कोशिश की गई है जबकि महिला की हत्या कर उसके शव को नानौता क्षेत्र की कृष्णा नदी मे फेंक दिया गया था।
पुलिस अधिकारी मांगलिक ने बताया कि महिला की शिनाख्त हो गई है जबकि पुरुष की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मांगलिक ने मीडिया को बताया कि सहारनपुर के थाना सदर बाजार के अन्तर्गत दिल्ली रोड निवासी महिला किरण (40) रविवार से गायब थी। किरण का शव नानौता में कृष्णा नदी से बरामद हुआ। महिला के सिर पर वार किया गया है। उन्होंने बताया कि मृतका का पति श्रीराम उर्फ मिंटू होमगार्ड है और दंपति दिल्ली रोड पर अपना मकान बनवा रहा था।
पति का शव जलता हुआ मिला
रविवार शाम को दंपति अपने निर्माणाधीन मकान पर आया था और उन्हें हरियाणा के मुलाना अस्पताल में दवा लेने जाना था लेकिन वे रात से ही लापता थे। उन्होंने बताया कि महिला के भाई ने आज सुबह अपनी बहन की गुमशुदगी की एफआईआर सदर बाजार थाना में दर्ज कराई थी। मांगलिक ने बताया कि मृतका किरण का मोबाइल निर्माणाधीन मकान के पास ही पड़ा हुआ मिला है जबकि होमगार्ड श्रीराम का मोबाइल उसकी पत्नी के शव से दो किलोमीटर की दूरी पर मिला है। इस बीच सरसावा पुलिस को एक पुरुष का शव उपलों की ढेर में जलता मिला। ऐसी भी आशंका है कि यह शव होमगार्ड श्रीराम का हो सकता है। मांगलिक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
