Coronavirus, Cow Injured After Eating Explosive Video Viral: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में गर्भवती गाय को विस्फोटक मिला खिलाने की घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस गाय के मालिक गुरदयाल सिंह ने शनिवार (06-06-2020) को घायल गाय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर डाला था। दाहद गांव में रहने वाले गुरदयाल सिंह ने इस वीडियो में अपने पड़ोसी पर गाय के साथ क्रूरता बरतने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी ने जंगली जानवरों को मारने के लिए विस्फोटक मिला खाना रखा था जिसे उनकी गाय ने खा लिया और ब्लास्ट के बाद वो गंभीर रूप से जख्मी भी हो गई। वीडियो के जरिए गुरदयाल सिंह ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी काफी वायरल हुआ है। कई लोगों ने इस वीडियो को देखने के बाद इस घटना की निंदा की और कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
इस मामले में गुरदायल सिंह ने करीब 10 दिन पहले थाने में जाकर अपनी शिकायत भी दर्ज कराई थी। बिलासपुर जिले के पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ‘इस मामले में 26 मई को Jhandutta थाने में मामला दर्ज किया गया था। गाय को विस्फोटक खिलाने के इस गंभीर मामले में भारतीय दंड़ संहिता के धारा 286, सेक्शन 11 और पशु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने यह भी बताया है कि उन्होंने वारदात स्थल से कई सैम्पल जुटाए हैं। इसके अलावा विस्फोटक को फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भी भेजा गया है। इस मामले में यहां के डीएसपी संजय शर्मा ने पंचायत के सदस्यों के साथ जाकर घटनास्थल पर जांच-पड़ताल की। उन्होंने कहा है कि पशु के साथ क्रूरता बरते जाने संबंधित इस केस को प्राथमिकता के तौर पर देखा जा रहा है। दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
आपको बता दें कि गर्भवती गाय ने 26 मई को विस्फोटक मिला खाना खा लिया था। मुंह में विस्फोट होने की वजह से गाय के मुंह में बने ऊपरी और निचले जबड़े की हड्डियां चूर हो गई हैं और उसे गंभीर चोट लगी है। कुछ दिनों पहले उसने एक बछड़े को जन्म दिया है। हालांकि गाय का इलाज अभी भी चल रहा है।
याद दिला दें कि अभी हाल ही में केरल के मल्लपुरम में एक गर्भवती हथिनी को अनानास में पटाखे भरकर खिला दिया गया था। इस कारण हथिनी बुरी तरह से जख्मी हुई थी। घायल हथिनी ने 2 दिनों के बाद दम तोड़ दिया था। पुलिस ने इस मामले में भी 1 शख्स को गिरफ्तार किया है।