Coronavirus (Covid-19), Andra Pradesh Official Thrashes Differently Abled Woman: मास्क पहनने के लिए टोके जाने पर दिव्यांग महिला को बाल पकड़ कर पीटा गया। बड़ी हैरानी की बात यह भी है कि ऐसी घटना सरकारी ऑफिस में हुई है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि एक शख्स इस महिला को बाल पकड़ कर पहले खींचता है और फिर जमीन पर पटक देता है। इसके बाद रॉड जैसे दिख रहे किसी चीज से महिला पर वो दनादन वार करता है।
कार्यालय में कुछ और लोग भी मौजूद हैं। जो अचानक हुए इस मारपीट और हंगामे से सहम जाते हैं। एक अन्य महिला वहां से चीखते हुए बाहर जाती नजर आ रही हैं। जबकि कुछ लोग इस शख्स से दिव्यांग महिला को बचाने की कोशिश में जुटे हैं। हालांकि तब तक इस शख्स ने महिला की जमकर धुनाई कर दी थी।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो आंध्र प्रदेश के Nellore जिले का है। यह घटना आंध्र प्रदेश पर्यटन विभाग के अंतर्गत आने वाले एक होटल के कार्यालय में हुई है। महिला इस कार्यालय की स्टाफ हैं और उनकी पिटाई कर रहे शख्स की पहचान भास्कर के तौर पर हुई है। भास्कर इसी कार्यालय में डिप्टी मैनेजर के पद पर आसीन है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि कार्यालय में भास्कर ने मास्क नहीं पहना था और महिला कर्मचारी ने भास्कर को मास्क पहनने के लिए कहा था। इसी बात पर भास्कर को इतना गुस्सा आया कि उसने अपने जूनियर महिला कर्मचारी की बाल पकड़ कर पिटाई कर दी।
यह भी पता चला है कि यह घटना बीते 27 जून की है और कार्यालय में लगे सीसीटीवी का फुटेज अब वायरल हुआ है। काफी देर तक भास्कर ने कार्यालय के अंदर महिला से बदसलूकी की और फिर बड़ी मुश्किल से वो उन्हें छोड़ने के लिए तैयार हुआ। इस दौरान भास्कर वीडियो में कही भी मास्क पहने नजर नहीं आ रहा है।
#WATCH An employee of a hotel in Nellore under Andhra Pradesh Tourism Department beat up a woman colleague on 27th June following a verbal spat. Case registered against the man under relevant sections. pic.twitter.com/6u9HjlXvOR
— ANI (@ANI) June 30, 2020
इस मामले में महिला ने बीते शनिवार को थाने में केस दर्ज कराया था। वीडियो वायरल होने पर आंध्र प्रदेश के पर्यटन मंत्री अवंति श्रीनिवास ने इसपर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और भास्कर को तुरंत सस्पेंड कर दिया गया था। घटना के बाद भास्कर फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने मंगलवार (30-06-2020) को आरोपी भास्कर को गिरफ्तार कर लिया है।
इस मामले में पुलिस ने 27 जून को ही धारा 354, 355 औऱ 324 के तहत केस दर्ज कर लिया था। आपको बता दें कि अनलॉक 1 के बाद राज्य सरकार ने कोरोना महामारी को देखते हुए सभी दफ्तरों में कर्मचारियों के लिए मास्क अनिवार्य कर दिया है।