छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में विधायक देवती कर्मा की सुरक्षा में तैनात जवान ने अपनी सर्विस रायफल से कथित रूप से खुद को गोली मार ली। जवान के कथित रूप से आत्महत्या करने के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है। दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार (04 जनवरी) को बताया कि दंतेवाड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक देवती कर्मा की सुरक्षा में तैनात छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान आशोराम कश्यप (37) ने अपनी सर्विस रायफल एके 47 से कथित रूप से खुद को गोली मार ली है। मामले की जांच हो रही है।
एके-47 से जवान ने मारी सीने में गोलीः पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि बीती रात आशोराम देर तक किसी से फोन पर बात कर रहा था। इसके बाद रात लगभग एक बजे उसने अपनी एके-47 रायफल से अपने सीने में गोली चला दी। इस घटना में आशोराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर अन्य जवान वहां पहुंचे तब उन्होंने इसकी जानकारी अपने अधिकारियों को दी। बाद में आशोराम के शव को अस्पताल पहुंचाया गया।
National Hindi News Live Updates 4 January 2020: देश के खबरों के लिए यहां क्लिक करें
5 साल से विधायक के यहां तैनात था जवानः इस पर अधिकारियों ने बताया कि आशोराम वर्ष 2003 में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में भर्ती हुआ था। वह बस्तर जिले का निवासी था। बता दें कि आशोराम पिछले पांच वर्ष से विधायक देवती कर्मा की सुरक्षा में तैनात था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि जवान के कथित रूप से खुदकुशी करने के कारणों के बारे में पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
अन्य मामलाः बता दें कि एक ऐसा ही मामला सामने आया है उत्तर प्रदेश के मथुरा में जहां एक सीआरपीएफ के जवान ने शुक्रवार (03 जनवरी) को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि वह 16वीं अल्फा बटालियन के शिविर के पहरे में तैनात था। जवान महाराष्ट्र के पुणे का रहने वाला था। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव को उसके कंपनी के कमांडर को सौमप दुया है।