यूपी के कानपुर के सचेंडी इलाके के एक गांव में शादी के फेरे के दौरान दुल्हन ने दूल्हे के शक्ल को खराब और अधिक उम्र बताकर शादी से इंकार कर दिया। पूरी शादी होने के बाद दुल्हन के इस ऐलान से वहां हड़कंप मच गया। दुल्हन ने शादी न करने की बात कहकर मंडप से उठकर चली गई। उसको घर के बड़े बुजुर्गों और रिश्तेदारों ने समझाने की कोशिश की लेकिन वे नाकम रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भी समझाने का प्रयास किया, लेकिन दुल्हन अपने फैसले को बदलने के लिए तैयार नहीं हुई। बाद में दोनों पक्षों ने खर्च और सामान लौटाने का समझौता किया और बारात वापस चली गई।
साथ में खाना खाई, लेकिन शादी नहीं की सचेंडी थाना क्षेत्र के एक गांव के किसान ने अपनी बेटी की शादी बिठूर के नारामऊ निवासी महेंद्र से तय की थी। शनिवार को बैंडबाजे के साथ बारात पहुंची थी। वधु पक्ष ने बारातियों का भरपूर स्वागत किया। इसके बाद द्वारचार की रस्म हुई। जयमाल होने के बाद दूल्हे और दूल्हन ने एक साथ खाना भी खाया। रविवार तड़के मंडप के नीचे सात फेरों की रस्म चल रही थी। घर के आंगन में दोनों पक्ष के लोग बैठे थे। दुल्हन दूल्हे के साथ छह फेरे लेने के बाद अचानक रुक गई। सातवां फेरा लेने से इंकार कर दिया। इससे वहां सभी लोग चौंक गए। उससे वजह पूछा गया तो बोली यह शादी नहीं करनी है। इतना कहते हुए वो शादी का मंडप छोड़ कर चली गई।
Hindi News Today, 25 November 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
रविवार शाम तक चला मान मनौव्वल का दौर दुल्हन के इंकार के बाद वहां हड़कंप मच गया। घर वाले दूल्हन के पास पहुंचे तो वह बोली कि दूल्हा बहुत काला है और उम्र में भी बड़ा है। दूल्हन को घर के बड़े-बुजुर्गों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और शादी से इंकार कर दिया। दोनों परिवारों के बीच रविवार शाम तक मान मनौव्वल का दौर चलता रहा। इसके बाद भी बात नहीं बनी।
पुलिस के समझाने पर नहीं हुई राजी सूचना पर पहुंची सचेंडी पुलिस ने दुल्हन से बात की। पुलिस के समझाने के बाद भी दुल्हन टस से मस नहीं हुई। उसने साफ कहा कि अपना फैसला नहीं बदलेगी। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षो के खर्च और सामान लौटाने को लेकर समझौता करा दिया। पुलिस का कहना है कि दुल्हन जब शादी नहीं करना चाहती है तो उससे जबरदस्ती नहीं कराई जा सकती है। इसके बाद बारात बैंरग लौट गई ।