गाजियाबाद में सोमवार को रेबीज के कारण एक 14 साल के लड़के की मौत हो गई। लड़के को एक महीने पहले एक कुत्ते ने काट लिया था लेकिन उसने कथित तौर पर अपने माता-पिता को इसके बारे में नहीं बताया था। रिपोर्ट के अनुसार, सबेज़ के पड़ोस में एक महिला आवारा कुत्तों को पालती है और खाना खिलाती है। मोहल्ले में पांच से छह कुत्ते रहते हैं। सबेज़ नाम के लड़के को कथित तौर पर उन कुत्तों में से एक ने काट लिया था।

अन्य लोगों को भी कुत्तों ने बनाया है अपना शिकार

जानकारी के अनुसार, कुत्तों ने पहले भी अन्य लोगों को काटा है। मृतक लड़के के दादा मतलूब अहमद ने कहा कि डर के कारण सबेज़ ने परिवार को इस घटना के बारे में नहीं बताया। कुत्ते के काटने के बाद चार दिन बाद उसे रेबीज के लक्षण महसूस होने लगे।

कुत्ते के काटने के बाद लड़के में हुआ ये बदलाव

लड़के के परिवार के अनुसार, कुत्ते के काटने के बाद रेबीज की वजब से सबेज़ को हवा और पानी से डर लगने लगा। वह अंधेरे में रहने लगा। वह डरा हुआ रहता था और जोर-जोर से शोर मचाता था। उसे समझाना आसान नहीं था। उसे इस हालत में देखकर हम सभी हैरान थे।

कई शहरों के डॉक्टर्स ने किया इलाज

इसके बाद साबेज को गाजियाबाद, मेरठ के कई अस्पतालों और दिल्ली के एम्स में ले जाया गया। इतना ही नहीं उसे इलाज के लिए बुलंदशहर भी ले जाया गया मगर उसे बचाया नहीं जा सका। उसकी हालत देख डॉक्टर्स भी हैरान रह गए। साबेज की मौत उस समय हुई जब वह अपने पिता याकूब के साथ बुलंदशहर से लौट रहा था।

परिवार ने कहा आरोपी के खिलाफ एक्शन लिया जाए

बेटे की मौत के बाद परिवार ने घटना पर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने प्रशासन और अधिकारियों से आग्रह किया है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।