उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में अज्ञात हमलावरों ने स्थानीय भाजपा नेता की गोली मार दी। घटना मैनपुरी-भोगांव मार्ग की बताई जा रही है, भाजपा नेता अपनी मां को दवा दिलाने घर से मैनपुरी गए थे। पुलिस ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनुसूचित जाति युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौतम कठेरिया को गोली लगने के बाद आगरा के अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाजपा नेता की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया, शनिवार रात को भाजपा नेता गौतम अपनी मां को दवा दिलाने मैनपुरी गए हुए थे। रात साढ़े नौ बजे उन्हें दो अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। हमलावरों की गोली उनके कंधे के पास लगी और उन्हें इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। घटनाक्रम के मुताबिक, रात साढ़े नौ बजे के करीब मैनपुरी-भोगांव सड़क पर ललूपुर गांव के पास बाइक सवार दो बदमाश आए थे।

बाइक सवार बदमाशों ने गौतम कठेरिया को देखते ही फायर खोल दिया, ऐसे में गोलियां सीने के ऊपरी हिस्से व कंधों में जा लगी। घटना के तुरंत बाद भाजपा नेता को जिला अस्पताल में लाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं, घटना की सूचना के बाद पुलिस के आला अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी घटना स्थल पर जा पहुंचे थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे जिले में नाकाबंदी कर बाइक सवार हमलावरों के तलाश की जाती रही, लेकिन वह भाग निकलने में कामयाब हो गए। अब इस मामले में पुलिस नेता से जुड़े सभी एंगलों पर जांच कर रही है।

बता दें कि, बीते मार्च में महाराजगंज जिले में अज्ञात हमलावरों ने भाजपा की युवा शाखा के पूर्व सचिव गौरव जायसवाल की हत्या कर दी थी। हमलावरों ने गौरव जायसवाल के सिर में गोली मारी थी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए थे।

गौरव जायसवाल, महाराजगंज नगर पालिका के अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल के भतीजे थे। इसके अलावा, जायसवाल भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता रहने के साथ पार्टी के स्वच्छता अभियान के सह-संयोजक थे।