अफसरों से बदसलूकी की खबरें मीडिया में अक्सर सुर्खियां बनती रहती हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों के साथ भी अफसरों की बकझक की तस्वीरें सामने आ चुकी हैं। आज हम बात कर रहे हैं भारतीय जनता पार्टी के एक विधायक की जिनपर आरोप लगे थे कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक को हड़काया था। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
घटना साल 2018 की है। उस वक्त भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी पर प्रयागराज (पहले इलाहाबाद) के पुलिस अधीक्षक को हड़काने का आरोप लगा था। इस घटना का जो वीडियो सामने आया था उसमें नजर आ रहा था कि बीजेपी एमएलए, एसपी से कहते हैं कि ‘तुम लातों के भूत हो, लातों से ही मानते हो।’ आम लोगों और अपने समर्थकों के भीड़ के बीच भाजपा विधायक ने यह बात कही थी। जो वीडियो वायरल हुआ था उसमें विधायक यह बात कहने के बाद अपने समर्थकों के साथ वहां से जाते हुए नजर आए थे।
उस वक्त कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया था कि विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए आए थे। वो एक मीटिंग में व्यस्त थे और पुलिस अधीक्षक ने उन्हें अंदर जाने से रोका था। बताया जाता है कि इसी बात पर भाजपा विधायक काफी नाराज हो गये थे।
#WATCH: BJP MLA Harshvardhan Bajpayee threatening Superintendent of Police in Allahabad. MLA said, ‘Tum laaton ke bhoot ho, laaton se hi maante ho’. SP had allegedly failed to recognise the MLA & stopped him to enter premises where a meeting was being held by CM Yogi Adityanath. pic.twitter.com/jrVAhlvcgr
— ANI UP (@ANINewsUP) May 20, 2018
हर्षवर्धन वाजपेयी उस वक्त इलाहाबाद शहर उत्तरी से विधायक थे। उस वक्त अकबरी मठ में गद्दी आखाड़ा परिषद के अधिकारियों और संतों के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ का लंच का प्रोग्राम था। विधायक इस कार्यक्रम में सीएम से मिलने के लिए पहुंच गए थे।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उस वक्त यह भी दावा किया गया था कि विधायक बाद में एसपी के साथ हुई बकझक पर पलट गए थे और उन्होंने कहा था कि उन्होंने पुलिस अधीक्षक से ऐसी बात नहीं कही थी।

