झारखंड के खूंटी जिले में बीजेपी नेता और उसके परिवार वालों को जान से मार देने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार कुछ अज्ञात लोगों ने भाजपा के एक नेता और उनके परिवार के दो सदस्यों को गोलियों से भून दिया। मामला मुरहू थाना के अंतर्गत हेथगुहा गांव का है। वहीं घटना की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लाशों को कब्जे में ले लिया।

क्या है पूरा मामलाः पुलिस के अनुसार भाजपा नेता मागो मुंडा सोमवार (22 जुलाई) की रात साढ़े आठ बजे अपने मकान के पास परिवार वालों के साथ बैठे हुए थे। इसी बीच अज्ञात लोग उनके घर में घुसे और उनपर गोलियां चला दी। पुलिस अधीक्षक आलोक ने बताया कि गोली लगने के बाद मुंडा, उनकी पत्नी लखमणि और उनके बेटे लिपराय की मौके पर ही मौत हो गई। बता दें कि घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

National Hindi News, 23 July 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें

Bihar News Today, 23 July 2019: बिहार से जुड़ी सभी खास खबरों के लिए क्लिक करें

हमला में नेता की रिश्तेदार घायलः पुलिस अधीक्षक के मुताबिक इस घटना में मुंडा परिवार की रिश्तेदार एक महिला भी गोलियों से घायल हो गई है। घायल महिला को रांची के राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान में भेजा गया है। बता दें कि मुंडा भाजपा की अनुसूचित जनजाति कार्यकारी समिति के सदस्य थे। बताया जा रहा है कि काफी लंबे समय से उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। वहीं पुलिस ने बताया कि मामले की आगे भी जांच की जा रही है।