यूपी के बिजनौर में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां नगीना देहात के एक गांव में बदमाशों ने एक घर में डाका डाला। डाका डालने के बाद बदमाशों ने उस घर की महिला के साथ गैंगरपे किया। इतना ही नहीं महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि बदमाशों ने उसे नशीला पदार्थ सूंघा कर रस्सी से बांध दिया और फिर सिगरेट से उसके शरीर के कई हिस्सों को दागते रहे। रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल महिला सदमे है। वह अपने साथ हुए इस दर्दनाक वाकये को भूल नहीं पा रही है। इस घटना से गांव के लोग दहशत में है। वे हैरानी जता रहे हैं कि भरे गांव के भीतर इस तरह की घटना कैसे हो गई।
आरोप है कि बदमाशों ने महिला का यौन उत्पीड़न किया और शोर मचाने पर दोबारा दुष्कर्म करने की धमकी दी। इसके बाद महिला बेहोश हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय महिला अपने घर में अकेली थी। उसके पति, बच्चे और सास मंगलवाल शाम 7 बजे दवा कराने गांव से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान 5-6 बदमाश पड़ोसी के छत के जरिए घर में घुस आए और लूटपाट की और 10:30 तक चले गए। उन्होंने महिला को मारा-पीटा और फिर उसे नशा सूंघाकर बेहोश कर दिया।
थोड़ी देर बाद जब महिला को होश आया तो बदमाशों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए। वे सिगरेट पीने लगे और जलती सिगरेट से महिला के शरीर को दागने लगे। इस घटना ने पूरे गांव के लोगों को खौफ में ला दिया है। गांव के लोगों का कहना है कि गांव में इतने लोगों के होने के बावजूद बदमाशों के मन में डर नहीं है। गांव के लोग भी सहमे हुए हैं।
दरअसल, पीड़िता के पति, बच्चे और सास धामपुर में दवा लेने के लिए गए थे। उन्हें देरी हो गई जिसके बाद वे पीड़िता के देवर के घर रुक गए थे। बुधवार सुबह जब वे घर लौटे तो उन्हें घर में हुई डकैती की खबर लगी।
पीड़िता के घर में पहले भी हो चुकी है लूट
रिपोर्ट के अनुसार, पीड़िता के घर में यह दूसरी घटना है। एक महीने पहले भी 19 अक्टूबर की रात को बदमाशों ने पीड़िता के घर में घुसकर 80 हजार रूपये लूटे थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने इसकी शिकायत की थी मगर थानाध्यक्ष ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। वहीं मामले पर एसपी बिजनौर नीरज कुमार जादौन का कहना है कि उन्होंने घटनास्थल पर जाकर जानकारी ली है। बदमाशों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। आगे की कार्रवाई की जा रही है।