बिहार के लखीसराय जिले में पुलिस ढोल-बाजे के साथ गैंगरेप के दो आरोपियों के घर के बाहर जा पहुंची और नोटिस चस्पा कर चेतावनी दी कि वह जल्द से जल्द सरेंडर कर दें अन्यथा उन्हें कई अन्य कड़ी कार्रवाईयों का सामना करना पड़ सकता है। दोनों आरोपियों पर अपने ही गांव की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

लखीसराय जिले का है मामला

मिली जानकारी के मुताबिक, मामला बिहार लखीसराय जिले के चामगरा गांव में सामूहिक दुष्कर्म के दो आरोपियों के घरों के बाहर नोटिस चिपकाया और उन्हें आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी है। पुलिस ढोल, बाजा, माइक के साथ पूरे गांव का चक्कर लगाकर दोनों आरोपियों के घर पहुंची और नोटिस चिपकाने से पहले चेतावनी दी। गांव पहुंची पुलिस की टीम द्वारा कहा गया कि अगर समय रहते दोनों आरोपी सरेंडर नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दो युवकों पर लगा था गैंगरेप का आरोप

लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक ब्लॉक के चामगरा गांव के दो युवकों पर उसी गांव की महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा था। यह घटना 8 सितंबर को सामने आई थी और आरोपियों की पहचान महिला के गांव के ही मुकेश यादव और उदय यादव के रूप में हुई थी। इस मामले में एक्शन लेते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। हालांकि, अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

SP बोले- सरेंडर न करने पर जब्त करेंगे संपत्तियां

एसपी पंकज कुमार ने बताया कि घटना के बाद से एएसपी इमरान मसूद के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया है। एसपी ने कहा कि टीमें आरोपियों को पकड़ने के प्रयास में लगातार लगी हुई हैं। स्थानीय पुलिस द्वारा इस मामले में चेतावनी दे दी गई है। एसपी पंकज कुमार के मुताबिक, अगर आरोपी समय पर सरेंडर नहीं करते हैं तो कानूनी कार्रवाई करके उनकी संपत्तियां जब्त कर ली जाएंगी। हालांकि, एसपी पंकज कुमार ने दावा किया है कि बहुत जल्द ही उनकी टीम गैंगरेप के मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।