बिहार के मुंगेर जिले में होमगार्ड के एक जवान ने खुद को गोली मार ली। बताया जा रहा है कि खुदकुशी करने से पहले होमगार्ड जवान ने कई राउंड फायरिंग भी की है। जानकारी के मुताबिक होमगार्ड के जवान मोहन जाहिद की उम्र करीब 54 साल थी। बताया जा रहा है कि मुंगेर जिले के बाकरपुर के रहने वाले खुदकुशी से पहले होमगार्ड के जवान मो जाहिद ने बाथरूम में बंद होकर ताबड़तोड़ 10 राउंड हवाई फायरिंग की इसके बाद खुद को गोली मारी।
गोली चलने की आवाज आने के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। इस घटना की सूचना मिलने के बाद यहां के पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो और डीएसपी नंद जी भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, होमगार्ड जवान ने आत्महत्या क्यों की? अभी इस बात का खुलासा नहीं हो सका है।
इधऱ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला सिपाही की फंदे से लटकती लाश मिलने के बाद सनसनी मच गई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक महिला सिपाही का नाम उर्मिला वर्मा है। 24 साल की उर्मिला वर्मा मऊ इलाके में एक हॉस्टल में रहती थीं। हॉस्टल के कमरे में ही पंखे से दुपट्टे के सहारे फंदे पर शव लटका मिला। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने कहा कि उर्मिला के आत्महत्या के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
मोहनलालगंज के इंस्पेक्टर ने बताया कि उर्मिला मूल रूप से अयोध्या जिले की रहने वाली थीं। रात 10 बजे से उनकी ड्यूटी थी। वह ड्यूटी पर भी नहीं पहुंची थीं। इस बीच उनका कोई परिचित हॉस्टल पहुंचा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर काफी देर तक खटखटाता रहा। कोई उत्तर न मिलने पर उसने पड़ोस में रह रहीं एक महिला दारोगा को बताया।
महिला दारोगा ने कमरे के दूसरे दरवाजे से अंदर देखा तो कमरे में पंखे से दुपट्टे के सहारे उर्मिला का शव लटका देख सन्न रह गईं। घटना के बाद से उर्मिला का मोबाइल पुलिस को मौके से नहीं बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि उर्मिला के मोबाइल से उसकी मौत के रहस्य से पर्दा उठेगा।

