बिहार की एक दंपति से बलात्कार और लूटपाट के दो आरोपियों को बागपत पुलिस ने रविवार सुबह जिले के पिलाना गांव में मुठभेड़ में गोलीबारी के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि दो आरोपियों की पहचान गाजियाबाद जिले के निवासी राशिद और आबिद के रूप में की गई है। पुलिस मुठभेड़ में दोनों हिस्ट्रीशीटर आरोपियों को पैरों में गोली लगी है। आरोपियों की गोलीबारी में एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया है।

मेरठ-बागपत राजमार्ग पर एक गेस्टहाउस में बंधक बनाकर लूट- गैंगरेप

पुलिस के अनुसार, बिहार के एक दंपति ने 4 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें आरोप लगाया गया था कि उन्हें 3 जुलाई की रात को मेरठ-बागपत राजमार्ग पर एक गेस्टहाउस में दो लोगों ने बंधक बना लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कीमती सामान लूट लिए गए। उनके साथ मारपीट की गई और दो लोगों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। पुलिस ने इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोनों आरोपियों की पहचान, जमानत पर थे बाहर

पुलिस ने बताया कि गेस्टहाउस और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज के जरिए दोनों आरोपियों की पहचान करने के बाद उनकी तलाश शुरू कर दी गई। उनकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये के नकद इनाम की भी घोषणा की गई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों पर आपराधिक मामले हैं और वे जमानत पर बाहर थे।

हिस्ट्रीशीटर आबिद और राशिद के खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले

पुलिस ने कहा, “राशिद के खिलाफ बागपत जिले के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में मुख्य रूप से लूट समेत 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। जबकि आबिद के खिलाफ 14 संगीन मामले दर्ज हैं।” दोनों ही आरोपी पश्चिमी यूपी के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर हैं और पुलिस को काफी समय से इनकी तलाश थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।

Anil Dujana Marriage: अनिल दुजाना का आतंक इतना भाया कि बागपत के लीलू ने उसे अपना दामाद बनाया! Video