कर्नाटक के बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां यशवंतपुर पुलिस ने शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया, जिसने प्रेमी के साथ रहने के लिए अपने पति की हत्या कर दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर लूट की कहानी बनाई थी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दिल्ली रानी (27) अपने पति शंकर रेड्डी के साथ रहती थी, जो एक निजी फर्म में अकाउंटेंट थे और उनका सात साल का बेटा था।
यशवंतपुर पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि, इस घटना में जब हमने महिला के सामने उसके कहानी के विपरीत सबूत रखे तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने महिला के प्रेमी को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी है, जिस पर हत्या में शामिल होने का संदेह है।
पुलिस ने कहा कि गुरुवार को उनका बेटा आधी रात को उठा तो उसने अपने माता-पिता को खून से लथपथ देखा। अधिकारियों ने कहा कि लड़का मदद के लिए अपने मकान मालिक के घर गया और फिर दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां शंकर को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि आरोपी रानी के हाथ में चोट के निशान थे।
एक निजी अस्पताल में इलाज के बाद, आरोपी रानी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय कुछ अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुस आए थे और सोने की चेन लेकर भागने से पहले उन पर और शंकर पर चाकू से हमला किया था। हालांकि, जब पुलिस ने घटना के बारे में अधिक जानकारी मांगी तो रानी के बयान अलग-अलग पाए गए। पुलिस ने कहा कि आरोपी महिला ने सोने की चेन को एक कपड़े में छिपा रखा था।
पुलिस के अनुसार, जब अपराध की जगह की जांच की गई तो घर में जबरन घुसने के कोई संकेत नहीं मिले, जबकि रानी को आईं चोटें भी खुद से स्थापित की गई थी। अधिकारियों ने कहा कि जब आरोपी महिला के मोबाइल फोन की जांच की गई तो पता चला कि रानी अपने पैतृक स्थान के किसी दूसरे शख्स के साथ संबंध में थी और उसने अपने प्रेमी के साथ रहने के लिए अपने पति को मारने की योजना बनाई थी।